Mushroom Masala Recipe: रक्षाबंधन के बाद जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी जैसे महत्वपूर्ण त्योहार आ रहे हैं। इस समय घरों की सजावट के साथ-साथ मेहमानों के खाने-पीने का भी ख्याल रखा जाता है। मेहमानों के लिए अक्सर हम राजमा, पनीर या छोले बनाते हैं। लेकिन इस बार अगर आप उन्हें कुछ स्पेशल और यूनिक खिलाना चाहते हैं, तो मशरूम की इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं। मशरूम और मसालों से तैयार होने वाली यह डिश बहुत ही लाजवाब लगती है। जिसे लंच या डिनर में बनाया जा सकता है।

मशरूम की सब्जी कई तरह से बनाई जाती है अगर इसे विभिन्न मसालों और दही के साथ बनाया जाए, तो इसका स्वाद लाजवाब होता है। इसे बनाने में ज्यादा वक्त नहीं लगता। मशरूम सेहत के लिए फायदेमंद होती है क्योंकि इसमें प्रोटीन, विटामिन, फाइबर और एंटीआक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं।

सामग्री

मशरूम: 250 ग्राम
प्याज: एक
लहसुन: चार-पांच कलियां
अदरक: एक इंच
टमाटर: दो
दालचीनी: आधा इंच
काली इलायची: एक
लौंग: तीन
गरम मसाला पाउडर: आधा चम्मच
धनिया पाउडर: आधा चम्मच
दही: एक कप
नमक: स्वादानुसार

मशरूम मसाला बनाने की विधि

सबसे पहले मशरूम को धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काटें। इसके बाद प्याज, अदरक और लहसुन छीलकर उनका मिक्सर में पेस्ट बना लें। इसी तरह टमाटर को धोकर उसका भी पेस्ट तैयार कर लें। अब एक कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें जीरा, तेज पत्ता, दालचीनी, काली इलायची और लौंग डालें। इन्हें तब तक भूनें, जब तक कि उनमें से खुशबू न आने लगे। अब आंच धीमी कर दें और पहले से तैयार प्याज का पेस्ट डालें। इसे सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद टमाटर का पेस्ट डालकर चम्मच से अच्छी तरह मिलाएं। फिर हल्दी पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और धनिया पाउडर डालें। इसे चम्मच से चलाते हुए तब तक भूनें, जब तक कि किनारों से तेल निकलने न लगे। इसके बाद कटे हुए मशरूम इसमें डाल दें। साथ ही फेंटा हुआ दही मिलाएं। इसे धीमी से मध्यम आंच पर दो-तीन मिनट तक उबालें और फिर थोड़ा सा पानी तथा नमक डालें। अब कड़ाही पर ढक्कन लगा दें और इसे धीमी आंच पर बारह-पंद्रह मिनट तक पकने दें। इसके बाद इसमें गरम मसाला पाउडर और सूखी मेथी डालें। ढक्कन खुला रखकर इसे दो-तीन मिनट तक पकाएं और फिर बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर आंच बंद कर दें। मशरूम मसाला तैयार है, इसे चपाती, ब्रेड या चावल के साथ परोसा जा सकता है।