Nepali Aloo Achar Recipe: खाने की थाली में दाल, चावल, रोटी, पूरी या पराठे के साथ जब तक अचार नहीं होता, तब तक कई लोगों को खाने का स्वाद अधूरा-सा लग सकता है। आम, मिर्च, कटहल, लहसुन जैसे कई अचारों को तो आपने कई बार देखा और खाया होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आलू से भी अचार बनाया जा सकता है। अगर आप रोज एक जैसा अचार खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया और अलग स्वाद ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए नेपाली स्टाइल आलू का अचार रेसिपी एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है, जो खाने के स्वाद को दोगुना कर सकता है।

आलू के अचार की खास बात यह है कि इसे आप झटपट तैयार कर सकते हैं। इसे लंच, डिनर या स्नैक्स के साथ भी परोसा जा सकता है। अगर घर पर अचानक मेहमान आ जाएं, तो आप यह रेसिपी बना सकते हैं। आइए, जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी।

सामग्री

उबले आलू- 4
प्याज- 1 कप
खीरा – 1 कप
हरी मिर्च – 2
हरे लहसुन के पत्ते- आधा कप
हरा धनिया – 1 कप
तिल – 2 चम्मच
सरसों या राई – 1 चम्मच
स्वादानुसार नमक
नींबू का रस

बनाने का तरीका

नेपाली स्टाइल आलू का अचार बनाने के लिए सबसे पहले आलू को उबलाने के लिए रख दें। तब तक प्याज, हरी मिर्च, खीरा, हरे लहसुन के पत्ते और हरा धनिया बारीक काट लें। अब एक पैन में तिल को हल्का सुनहरा होने तक भून लें। जब यह ठंडा हो जाए तो इसे मिक्सर में या फिर सिलबट्टे पर भी पीस सकते हैं।

अब एक बाउल में उबले हुए आलू को छीलकर अच्छे से मैश कर लें। फिर इसमें कटी हुई प्याज, खीरा, हरी मिर्च, हरे लहसुन के पत्ते और धनिया डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। इसमें स्वादानुसार नमक और तिल का भुना हुआ पाउडर डालें। इस मिश्रण को अच्छे से मिक्स कर लें।

अब तड़का लगाने के लिए एक पैन में थोड़ा सा तेल गरम करें। इसमें राई (सरसों), कटी हुई हरी मिर्च, सूखी लाल मिर्च और हल्दी डालकर कुछ सेकेंड तक भून लें। तैयार तड़के को आलू के मिश्रण में डाल दें। आखिर में नींबू का रस डालकर सभी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें। इस तरह नेपाली स्टाइल आलू का अचार तैयार हो जाएगा, इसे आप रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोस सकते हैं।