बालों को डाई करने के लिए ज्यादातर महिलाएं पार्लर जाती हैं। लेकिन केमिकल युक्त इन डाई का बार-बार इस्तेमाल बालों को नुकसान पहुंचा सकता है। अगर आप बालों पर ब्राउन या भूरा रंग लाना चाहती हैं, तो इसके लिए प्राकृतिक चीजों की मदद ली जा सकती है। नेचुरल चीजों से हेयर डाई बनाकर इस्तेमाल की जा सकती है, जो बालों की रंगत को काफी हद तक बदलने में मदद कर सकती है। हालांकि इसका इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।

खूबसूरत रंग देने के साथ-साथ यह नेचुरल तरीका बालों को मुलायम और चमकदार बना सकता है। इस हेयर डाई को बनाने का तरीका यूट्यूब चैनल पर डॉ. मधीहा भयानी के शेयर किया है। उनके बताए गए तरीके की मदद से सफेद बालों को हल्का ब्राउन रंग मिल सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका।

सामग्री

एलोवेरा जेल- 2 चम्मच
चायपत्ती- 1.5 चम्मच
लौंग- 7-8
चीनी- 1 चम्मच
पानी- 1 गिलास
अलसी के बीज- 1 चम्मच
मेहंदी- 2 चम्मच
नारियल तेल- 1 चम्मच
हल्दी- आधा चम्मच

एलोवेरा जेल कैसे निकालें

सबसे पहले ताजा एलोवेरा जेल लें। अगर आपके पास पौधा है तो इसकी पत्ती को कुछ देर पानी में डुबोकर रखें। ताकि इसका सारा पीलापन निकल जाए। अब इसे साइड से और बीच से काटें। फिर चम्मच की मदद से बाउल में जेल को अच्छी तरह निकाल लें। अगर आपके पास एलोवेरा जेल नहीं है, तो बाजार वाला भी इस्तेमाल किया जा सकता है। भयानी ने अनुसार बाजार से एलोवेरा जेल खरीद रहे हैं, तो ऐसा चुनें जो ट्रांसपेरेंट हो।

बनाने का तरीका

अब एक पैन में चायपत्ती, लौंग और चीनी डालें। इन चीजों से हेयर मास्क का बेस तैयार होगा। इसमें आपको पानी का इस्तेमाल नहीं करना है। सभी सामग्री को मध्यम से धीमी आंच पर लगभग 3 से 4 मिनट तक हल्का गरम करना है। अब इसमें हल्का सा पानी डालें और अच्छी तरह मिक्स कर लें। पानी धीरे-धीरे डालें और साथ ही साथ चम्मच से चलाते रहें। इसका पानी लगभग आधा होने तक पकाना है। फिर इसमें अलसी के बीज डालें। इससे निकलने वाला जेल बालों को मुलायम और सॉफ्ट बना सकता है। अलसी के बीजों को धीमी आंच पर कुछ देर के लिए पकाएं। जब यह तैयार हो जाए, तो गैस को बंद कर दें। अब सावधानी से इस मिश्रण को सूती कपड़े में डालकर छान लें। अगर आपके पास बारीक छलनी है, तो उसका इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इस लिक्विड को हल्का गुनगुना होने पर इस्तेमाल करें। इसमें एलोवेरा जेल डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।

अब एक अलग बाउल में अपनी बालों की लंबाई के अनुसार अच्छी गुणवत्ता वाली मेहंदी (हिना) लें। इसमें धीरे-धीरे करके तैयार लिक्विड को डालकर पेस्ट तैयार करें। इसका स्मूथ पेस्ट बनाएं जो ज्यादा गाढ़ा या ज्यादा पतला न हो। जब पेस्ट तैयार हो जाए, तो इसमें नारियल तेल मिलाएं। जब पेस्ट सामान्य तापमान पर जाए, तो इसमें हल्दी मिलाएं। अब इस हेयर डाई को बालों की जड़ों और लंबाई पर अच्छी तरह लगाएं। इसे लगभग 30 से 40 मिनट तक रखें और फिर बालों को धो लें। इससे आपके बाल मुलायम और शाइनी हो सकते हैं।

घर पर प्राकृतिक चीजों से बनी इस हेयर डाई को इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपको किसी चीज से एलर्जी या त्वचा संबंधी समस्या है, तो इसका इस्तेमाल करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

Disclaimer: “यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से योग्य पेशेवर राय का विकल्प नहीं है। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ से परामर्श करें।”