बाथरूम की रोजाना सफाई करने के बावजूद कई बार उसमें से आने वाली दुर्गंध जाने का नाम नहीं लेती। खासकर गर्मी और बरसात के मौसम में नमी, कम वेंटिलेशन और बैक्टीरिया की वजह से बदबू की समस्या बढ़ जाती है। ऐसे में कुछ लोग बाजार से एयर फ्रेशनर खरीदकर इस्तेमाल करने लगते हैं। लेकिन इसकी खूशबू भी ज्यादा देर तक नहीं टिकती है।

बाजार में मिलने वाले कई फ्रेशनर स्प्रे से कई बार बदबू कुछ देर के लिए ही कम हो जाती है। लेकिन क्या आपको पता है कुछ नेचुरल चीजों की मदद से दुर्गंध कम करने और ताजगी का एहसास बढ़ाने में मदद मिल सकती है। घर में मौजूद कुछ सामान्य चीजों की मदद से आप नेचुरल फ्रेशनर तैयार कर सकते हैं, जो बाथरूम को लंबे समय तक ताजगी का अहसास देने में मदद कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने के दो आसान तरीके।

बेकिंग सोडा और एसेंशियल ऑयल फ्रेशनर

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

½ कप बेकिंग सोडा
8–10 बूंदें लैवेंडर, लेमन या टी ट्री एसेंशियल ऑयल
एक छोटा खुला कांच या सिरेमिक बाउल

इस तरह बनाएं

सबसे पहले एक बाउल में बेकिंग सोडा डालें। इसके बाद उसमें एसेंशियल ऑयल की बूंदें मिलाकर हल्का-सा मिक्स करें। फइर इसे टॉयलेट के किसी सूखे कोने में रख दें। इसे आप 10–15 दिन बाद बदलते रहें। यह तरीका इसलिए कारगर है क्योंकि बेकिंग सोडा बदबू पैदा करने वाले अम्लीय यौगिकों को न्यूट्रल करने में मदद कर सकता है। वहीं एसेंशियल ऑयल हल्की प्राकृतिक खुशबू देता है।

नींबू के छिलके और लौंग वाला फ्रेशनर

बनाने के लिए चाहिए ये चीजें

1–2 नींबू के ताजे छिलके
8–10 लौंग
एक छोटी कटोरी

इस तरह बनाएं

सबसे पहले नींबू के छिलकों में लौंग चुभो दें। फिर इन्हें कटोरी में रखकर बाथरूम के किसी सूखे हिस्से में रखें। छिलके सूखने या खुशबू कम होने पर बदल दें। इससे आपको बदबू दूर करने में मदद मिल सकती है। नींबू के छिलकों में मौजूद प्राकृतिक साइट्रस ऑयल हल्की खूशबू देता है। वहीं लौंग की तेज खुशबू ताजा महसूस करा सकती है।

बाथरूम की बदबू दूर करने में मदद कर सकते हैं ये टिप्स

अगर सफाई के बाद भी बाथरूम से बदबू आती है तो रोज कुछ मिनट के लिए बाथरूम की खिड़की या एग्जॉस्ट फैन चलाएं। फर्श और ड्रेन की रोजाना सफाई करें। टॉयलेट ब्रश और डस्टबिन को भी समय-समय पर साफ करें।