Malpua Recipe: देश में त्योहार पर मीठा बनाने और खाने की खास परंपरा रही है। आज यानी 29 अक्टूबर को करवाचौथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके ऐसी रेसिपी खोज रहे हैं, यूनिक भी हो और जल्दी भी तैयार हो जाए? अगर हां, तो मालपुआ बनाया जा सकता है। जिसे बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी चाव से खाते हैं। करवाचौथ पर आप इसे भोग के लिए भी बना सकती हैं। रात को डिनर के समय इसे खाने के साथ सर्व कर सकती हैं।

त्योहार पर घरों में मीठा न बने, ऐसा हो ही नहीं सकता। ऐसे में हलवा, लड्डू, बर्फी या पुआ ज्यादातर लोग बनाते हैं क्योंकि ये जल्दी बन जाते हैं और इन्हें बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं होती। अगर आप भी करवाचौथ पर पूजा में कुछ स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं, तो मालपुआ ट्राई कर सकती हैं। जिसकी रेसिपी शेफ संजीव कपूर ने यूट्यूब चैनल पर शेयर की है। इसकी मदद से आप मालपुआ को अलग तरीके से बनाकर तैयार कर सकते हैं। यह खाने में बहुत स्वादिष्ट लगेंगे और बच्चों को भी खूब पसंद आ सकते हैं। आइए, जानते हैं इसे बनाने का तरीका।

सामग्री

दूध- 1.5 लीटर
खोया (मावा)- 50 ग्राम
मैदा- 1/2 कप
इलायची पाउडर- 1/2 कप
घी
चीनी- 2 कप
दूध- 1 चम्मच
केसर
पिस्ता- 15-20

मालपुआ बनाने का तरीका

मालपुआ बनाने के लिए मोटी सतह वाला पैन चुनें। इसमें दूध डालकर उबलने दें। इसे बनाने के दौरान आंच को कम कर दें और लगातार चम्मच से चलाते रहें। इससे पैन में दूध चिपकेगा नहीं। जब दूध उबलकर आधा रह जाए, तो इसमें मावा डाल दें। इसे अच्छी तरह मिक्स करके लगभग 1 से 2 मिनट तक पकाएं। अब गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें।

सिरप या चाशनी बनाने के लिए एक पैन में चीनी लें और इसमें थोड़ा पानी डाल दें। इसे गैस पर रखकर गरम होने दें। जब चीनी अच्छी तरह घुल जाए, तो इसमें एक चम्मच दूध डाल दें। इसे चम्मच से बीच-बीच में चलाते रहें। इसके ऊपर मैल की परत को चम्मच से निकाल लें। अब इसमें केसर डालें और मिक्स करें। इसे कुछ देर और पकाएं ताकि चाशनी थोड़ी गाढ़ी हो जाए। जब इसमें एक तार आने लगे तो गैस को बंद कर दें। इसे आप हाथ से चेक कर सकते हैं।

जब दूध और मावा का मिश्रण ठंडा हो जाए तो इसमें दो चम्मच चीनी, इलायची पाउडर और आधा कप मैदा मिलाएं। इसे अच्छी तरह से मिक्स करके स्मूथ बैटर बना लें। अब कड़ाही में घी या तेल डालें और गरम होने दें। इसमें चम्मच की मदद से बैटर को डालें। इन्हें मध्यम आंच पर धीरे-धीरे पकने दें। दोनों तरफ से अच्छी तरह पलटकर सेंक लें। इसके बाद इन्हें गरम-गरम बनी हुई चाशनी में डुबोकर निकाल लें। इन्हें प्लेट में निकालकर पिस्ता के टुकड़ों से गार्निश करें।