Lauki Chana Dal Recipe: लंच हो या डिनर हर कोई रोजाना एक तरह की सब्जी खाकर बोर हो जाता है। लेकिन जब उसी सब्जी को थोड़ा बदलकर नया रूप दिया जाता है, तो इसका स्वाद और बेहतर हो जाता है। जिसकी वजह से कई बार भूख न होने पर भी लोग खाना खा लेते हैं। लौकी भी ऐसी ही सब्जी है, जिसे सादा तरीके से बनाने पर अक्सर बच्चे ही नहीं बल्कि बड़े भी मुंह बनाते हैं। ऐसे में इसका स्वाद बदलने के लिए सब्जी को अलग अंदाज में बनाया जा सकता है। चना दाल की मदद से इस सब्जी को स्वादिष्ट और अलग बनाने में मदद मिल सकती है।

लौकी एक ऐसी सब्जी है, जो सेहत के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है, लेकिन कुछ लोगों को इसका स्वाद पसंद नहीं आता। अगर इसे चना दाल के साथ बनाया जाए, तो जायका बेहतरीन हो जाता है। अगर आप भी रोजाना सादा लौकी खाकर बोर हो गए है, तो चना दाल के साथ बनने वाली इस रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता। आइए, जानते हैं इसकी रेसिपी के बारे में।

जरूरी सामग्री

लौकी: 250-300 ग्राम
चना दाल: 100-150 ग्राम
प्याज: एक
टमाटर: दो
मेथी दाना: एक चम्मच
लहसुन: चार-पांच कलियां
अदरक: एक इंच
जीरा: एक चम्मच
हरी मिर्च: दो
लाल मिर्च पाउडर: एक चम्मच
हींग: एक चुटकी
कसूरी मेथी: एक चम्मच
नमक: स्वादानुसार

बनाने की विधि

चना दल को तीन-चार घंटे तक भिगो लें या फिर प्रेशर कुकर में थोड़ा उबाल लें। इसके बाद लौकी को पानी से धो लें और छीलकर बारीक काटें। फिर अदरक और लहसुन का पेस्ट तैयार करें तथा प्याज और टमाटर को काटकर अलग-अलग रख लें। अब कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें जीरा, तेजा पत्ता तथा मेथी दाना हल्का सा भूनें। फिर कटा हुआ प्याज डालें और लाल सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट, हींग तथा कटी हुई हरी मिर्च इसमें मिलाएं और सुगंधित होने तक भून लें।

अब कटे हुए टमाटर इसमें डालें और तब तक पकाएं, जब तक वे पूरी तरह गल न जाएं। फिर कटी हुई लौकी डालें और साथ ही गरम मसाला, हल्दी, धनिया पाउडर तथा लाल मिर्च पाउडर डालें। इन्हें चम्मच की मदद से अच्छी तरह मिला लें। इसे चार-पांच मिनट तक पकाएं और फिर भिगोई हुई चना दाल इसमें डाल दें। साथ ही एक कप मलाईयुक्त दूध और आवश्यकतानुसार नमक मिलाएं। इसे धीमी आंच पर पांच-छह से मिनट पकाएं। अंत में इसमें हरा धनिया तथा कसूरी मेथी डालें और आंच बंद कर दें। इसे चपाती, नान या ब्रेड के साथ परोसा जा सकता है।