अगर आप वीकेंड पर कुछ खास और स्वादिष्ट बनाने की सोच रहे हैं, तो स्पाइसी मशरूम घी रोस्ट आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। कर्नाटक के तटीय क्षेत्र के मशहूर फ्लेवर से प्रेरित यह डिश मसालेदार, खुशबूदार और बेहद लाजवाब होती है। घी में तैयार किए गए मसालों के साथ मशरूम का स्वाद और भी निखर जाता है। इसे आप मालाबार परोटा, नीर डोसा, चपाती या सादे चावल के साथ परोस सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
सामग्री
200 ग्राम मशरूम (धोकर कटे हुए), 3 बड़े चम्मच घी, 5 कश्मीरी साबुत लाल मिर्च, 1½ छोटा चम्मच धनिया के बीज, 1½ छोटा चम्मच सौंफ, 1 छोटा चम्मच जीरा, ½ छोटा चम्मच काली मिर्च, 1-2 छोटा चम्मच इमली का पेस्ट, 6-7 भीगे हुए काजू, 5-6 लहसुन की कलियां, 1 छोटा टुकड़ा अदरक, 1 टहनी करी पत्ता, स्वादानुसार नमक, बारीक कटा हरा धनिया, आवश्यकता अनुसार पानी
बनाने की विधि
लाल मिर्च और काजू भिगोएं
सबसे पहले कश्मीरी लाल मिर्च और काजू को 15 मिनट तक गर्म पानी में भिगो दें। इससे मिर्च और काजू नरम हो जाएंगे और मसाला आसानी से पीस जाएगा।
साबुत मसालों को भूनें
एक पैन में धनिया, सौंफ, जीरा और काली मिर्च को बिना तेल के हल्का भून लें। मसालों की खुशबू आने लगे तो इन्हें ठंडा होने दें।
मसाला तैयार करें
मिक्सर में भुने हुए मसाले, भीगी हुई लाल मिर्च, काजू, अदरक, लहसुन, इमली का पेस्ट और थोड़ा पानी डालकर मुलायम पेस्ट बना लें।
मशरूम भूनें
एक पैन में 1 बड़ा चम्मच घी गर्म करें। इसमें कटे हुए मशरूम डालकर 2-3 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भूनें। फिर इन्हें अलग निकालकर रख दें।
मसाला पकाएं
उसी पैन में बचा हुआ घी डालें। करी पत्ता डालकर तैयार मसाला पेस्ट मिलाएं और मध्यम आंच पर तब तक पकाएं, जब तक मसाले की कच्ची महक खत्म न हो जाए और घी किनारों से अलग न दिखने लगे।
पानी और नमक मिलाएं
अब अपनी पसंद के अनुसार थोड़ा पानी डालकर ग्रेवी की कंसिस्टेंसी सेट करें। अगर मशरूम से पानी निकला हो तो उसे भी मसाले में मिला दें। स्वादानुसार नमक डालें और 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
मशरूम डाले
भुने हुए मशरूम को मसाले में डालकर अच्छी तरह मिलाएं ताकि हर टुकड़ा मसाले से अच्छी तरह कोट हो जाए। 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं। जरूरत हो तो थोड़ा पानी और डाल सकते हैं।
गार्निश करके परोसें
आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें और हल्का सा मिलाएं। गरमा-गरम स्पाइसी मशरूम घी रोस्ट को मालाबार परोटा, नीर डोसा, चपाती या सादे चावल के साथ परोसें और स्वादिष्ट संडे लंच का आनंद लें।
Also Read
पत्ता गोभी को दें नया ट्विस्ट, एक बार जरूर ट्राई करें यह चीजी कैबेज बेक रेसिपी
