महिलाओं के लिए चूड़ियां बहुत ही खास महत्व रखती हैं। खासतौर पर सुहागिन महिलाएं हाथ में चूड़ी या कड़े जरूर पहनती हैं। यह उनके सोलह श्रृंगार का अहम हिस्सा माना जाता है। साड़ी, लहंगा या सूट के साथ तरह-तरह की मैचिंग और स्टाइलिश चूड़ियों को पहना जाता है। यह लुक को आकर्षक और खूबसूरत बनाने में मदद करती हैं। हालांकि जब भी हम नई चूड़ियां खरीदते हैं, तो पुरानी चूड़ियों को डिब्बे में बंद करके साइड में रख देते हैं। कई बार हमें लगता है कि इन चूड़ियों को दोबारा पहन लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं होता। कई बार ऐसा भी होता है कि चूड़ियों के सेट में कुछ चूड़ियां टूट जाती हैं। जिसकी वजह से बाकी की चूड़ियां यूं ही रखी रहती हैं।

पुरानी होने के बावजूद इन चूड़ियों को फेंकने का मन नहीं करता है। घर के किसी कोने में ये चूड़ियां रखी रहती हैं। आपके घर में भी इसी तरह चूड़ियां डिब्बों में रखी होंगी जिनका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इन चूड़ियों को दोबारा इस्तेमाल में लाने के लिए इनसे सुंदर और आकर्षक कड़े तैयार किए जा सकते हैं। आइए, जानते हैं पुरानी चूड़ियों से सुंदर कड़े बनाने का तरीका।

सामग्री

पुरानी चूड़ियां
रेशम के धागे
मोती, लेस और स्टोन
ग्लू या फेविकोल
कैंची

चूड़ियों से कड़े बनाने का तरीका

घर पर रखी पुरानी चूड़ियों को सबसे पहले इकट्ठा कर लें। अगर इनमें धूल या गंदगी जम गई है, तो कपड़े की मदद से इसे अच्छी तरह साफ कर लें। इससे चूड़ियों से कड़े तैयार करने में आसानी होगी और यह दिखने में भी सुंदर लगेंगे। अब एक जैसे आकार की चार चूड़ियों को लें। इन्हें इकट्ठा करके एक साथ रेशम के धागे से गोल-गोल लपेट लें। ध्यान रखें कि इस दौरान चूड़ियां इधर-उधर न हों। अपनी पसंद के रंग का रेशमी धागा लें और इसे पूरी चूड़ियों पर अच्छी तरह से लपेट दें। जब पूरी तरह चूड़ियां धागे से कवर हो जाएं, तो अंत में धागे को चिपकाने के लिए ग्लू या फेविकोल का इस्तेमाल करें। धागे को अंदर की तरफ अच्छी तरह चिपकाएं ताकि यह निकले न। अगर धागा निकल जाएगा, तो कड़ा जल्दी खराब हो सकता है। इस तरह आप तीन और कड़े तैयार कर लें। ताकि दोनों हाथों के लिए दो-दो कड़े हो जाएं।

चूड़ियों को रेशमी धागे से कवर करने के बाद उन्हें सजाना के लिए सामान इकट्ठा कर लें। इन्हें आप अपनी पसंद के अनुसार सजा सकती हैं। सिर्फ लेस और मोती या स्टोन और लेस से भी कड़ों को सजाया जा सकता है। अब इन्हें सजाने के लिए मोती, लेस और स्टोन का इस्तेमाल करें। चारों तरफ मोती और बीच-बीच में स्टोन को अच्छी तरह ग्लू की मदद से चिपकाएं। इस तरह आप बाकी के कड़ों को तैयार कर सकती हैं। इसी तरीके से अलग-अलग डिजाइन के खूबसूरत कड़े तैयार किए जा सकते हैं। इस तरह आप घर पर रखी पुरानी चूड़ियों को दोबारा बेहतर तरीके से इस्तेमाल कर सकती हैं।

इस्तेमाल करने का तरीका

घर पर पुरानी चूड़ियों से बने इन कड़ों को आप कई तरीके से इस्तेमाल कर सकती हैं। शादी, त्योहार या खास मौकों पर साड़ी या ट्रेडिशनल आउटफिट के साथ इन्हें पेयर किया जा सकता है। इसे आप किसी को गिफ्ट भी कर सकती हैं। क्योंकि हाथों से बनी चीजों की अहमियत अलग होती है। इसके अलावा इन कड़ों को घर की सजावट में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। त्योहारों का सीजन चल रहा है, ऐसे में बाजार से महंगे डेकोर आइटम्स खरीदने की बजाय घर को सजाने के लिए इन कड़ों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इनसे आप खूबसूरत वॉल हैंगिंग भी तैयार कर सकती हैं।