मिडिल ईस्ट की जंग ने दुनिया के कई देशों पर असर किया है, जिसमें से एक भारत भी है। इस जंग ने कच्चे तेल से लेकर LPG गैस तक जैसी कई अन्य चीजों को प्रभावित किया है। ऐसे में लोग गैस की बचत के लिए इंडक्शन या बिना गैस वाले कुकिंग विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी कारण अब कम समय में तैयार होने वाली, बिना गैस के बनने वाली हेल्दी रेसिपीज की मांग बढ़ गई है। ऐसे में आप बिना गैस के सॉफ्ट और स्पंजी इडली बना सकते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ ही हल्की, पौष्टिक और झटपट तैयार होने वाली डिश है।
बिना गैस की इडली बनाने की सामग्री (Idli Recipe Without Gas)
1 कप सूजी
1 कप दही
आधा कप पानी
आधा छोटा चम्मच नमक
1 छोटा चम्मच इनो या चुटकी भर बेकिंग सोडा
थोड़ा सा तेल (मोल्ड को ग्रीस करने के लिए)
इडली का बैटर तैयार करें (How to Make Idli Without Gas)
सबसे पहले एक बड़े बर्तन में सूजी और दही मिलाकर अच्छी तरह से मिला लें। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर स्मूद बैटर तैयार करें। यह न ज्यादा पतला हो और न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए। इसे 10 से 15 मिनट तक के लिए ढक कर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह से फूल जाए। अब इसमें नमक मिलाएं और आखिर में फ्रूट साल्ट (इनो) या बेकिंग सोडा मिलाएं। जैसे ही बैटर फूलने लगे तुरंत इससे इडली बनाना शुरू कर दें।
1- इलेक्ट्रिक स्टीमर
अगर आपके पास इलेक्ट्रिक स्टीमर है तो उसमें पानी डालकर गर्म कर लें। इस बीच इडली मोल्ड पर हल्का सा तेल लगाकर ग्रीस करें और उसमें तैयार बैटर भर दें। अब मोल्ड को स्टीमर में रखकर 10-12 मिनट तक स्टीम करें। तय समय के बाद टूथपिक डालकर चेक करें, अगर टूथपिक साफ निकल जाए तो इडली तैयार है।
2- माइक्रोवेव
अगर आपको कम समय में इडली बनानी है तो माइक्रोवेव में पका सकते हैं। इसके लिए माइक्रोवेव-सेफ इडली मोल्ड लें और उसमें बैटर भर दें। चाहें तो हल्का ग्रीस कर सकते हैं। अब मोल्ड को माइक्रोवेव में रखकर 3-4 मिनट तक पकाएं।
3- इंडक्शन पर बनाने का आसान तरीका
इडली इंडक्शन पर भी बनाई जा सकती है। इसके लिए इंडक्शन बेस कुकर या गहरे बर्तन का इस्तेमाल करें। इसमें थोड़ा पानी डालकर एक स्टैंड रखें और पानी को गर्म होने दें। इसके बाद इडली स्टैंड में बैटर भरकर कुकर में रखें और 10-15 मिनट तक स्टीम होने दें। तय समय के बाद एक बार इडली को चेक जरूर कर लें। इन तीन तरीकों से आप बिना गैस के झटपट इडली बना सकते हैं।
Also Read
नवरात्रि व्रत के लिए बनाए साबूदाना कटलेट और टिक्की, यहां देखें क्रिस्पी बनाने की विधि
