चेहरे की तरह हाथों को भी रोजाना देखभाल की जरूरत होती है। बार-बार हाथ धोना, बर्तन साफ करना, धूप, धूल और केमिकल वाले साबुन या सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने से हाथ रूखे और बेजान हो सकते हैं। अच्छी बात यह है कि रात का समय हाथों की देखभाल के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। सोते समय त्वचा खुद को रिपेयर करती है, इसलिए अगर आप सोने से पहले कुछ आसान स्टेप्स अपनाएं, तो कुछ ही दिनों में हाथ ज्यादा मुलायम और हेल्दी दिख सकते हैं।
सोने से पहले हाथों को अच्छी तरह साफ करें
दिनभर हमारे हाथ न जाने कितने काम करते हैं। ऐसे में सोने जाने से पहले आपको हाथों पर जमी धूल, गंदगी, पसीना और कई तरह के बैक्टीरिया को हटाने के लिए उन्हें अच्छी तरह से साफ करना चाहिए। रात में सोने से पहले हाथों को हल्के (माइल्ड) हैंड वॉश या साबुन से धोएं। धोने के बाद हाथों को तौलिए से रगड़ने की बजाय हल्के हाथ से थपथपाकर सुखाएं। इससे त्वचा का प्राकृतिक मॉइस्चर बना रहता है।
हाथ धोने के बाद हैंड क्रीम या मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं
रात में मॉइश्चराइजर लगाने से त्वचा को लंबे समय तक नमी मिलती है। आप ज्यादा कुछ करें न करें लेकिन ये आदत जरूर डाल लें। रात में सोने से पहले आपको हैंड क्रीम या मॉइश्चराइजर जरूर लगाना है। इसके लिए ऐसी क्रीम चुनें जिनमें ग्लिसरीन, शीया बटर, एलोवेरा, सेरामाइड्स, नारियल तेल, बादाम का तेल में से कुछ न कुछ जरूर हो। क्रीम को हथेलियों, उंगलियों और नाखूनों के आसपास अच्छी तरह मसाज करते हुए लगाएं।
क्यूटिकल ऑयल या थोड़ा-सा तेल लगाएं
अगर नाखूनों के आसपास की त्वचा फटती रहती है, तो क्यूटिकल ऑयल लगाएं। इससे आपको फायदा देखने को मिल सकता है। अगर क्यूटिकल ऑयल नहीं है, तो आप नारियल तेल,बादाम तेल या फिर जैतून का तेल भी अप्लाई कर सकते हैं। इनकी 1-2 बूंद ही काफी होती हैं। इससे नाखून और उनके आसपास की त्वचा हेल्दी बनी रहती है।
हफ्ते में 2-3 बार हल्का स्क्रब करें
हाथों पर जमा डेड स्किन को हटाने के लिए आपको हफ्ते में दो या तीन बार हल्का स्क्रब करना चाहिए। घर पर भी आप आसानी से स्क्रब बना सकते हैं। इसके लिए 1 चम्मच चीनी और 1 चम्मच शहद चाहिए। दोनों को मिलाकर 1-2 मिनट हाथों पर हल्के हाथ से मसाज करें और फिर धो लें। ध्यान रखें कि रोज स्क्रब न करें, क्योंकि इससे त्वचा ड्राई हो सकती है।
