हिंदू धर्म में नवरात्रि का त्योहार बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। नौ दिन तक मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है और व्रत रखा जाता है। इस दौरान मंदिर की खास सजावट की जाती है और साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाता है। इस खास मौके पर आप माता के लिए खुद से माला बनाकर तैयार कर सकती हैं। ताजे फूलों से तैयार की गई माला दिखने में खूबसूरत लग सकती है। आप इसे अपनी पसंद के अनुसार अलग-अलग दिन के लिए बना सकती हैं।
नवरात्रि नौ दिनों तक मनाई जाती है। इस दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। अगर आपने भी इस नवरात्रि पर घर में मां दुर्गा की मूर्ति की स्थापना की है, तो उनके लिए हर दिन अलग-अलग माला चढ़ा सकती हैं। जिसे आप अपने हाथों से तैयार कर सकती हैं।
पान के पत्ते की माला
नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री को समर्पित होता है। इस दिन आप पान के पत्ते की माला बना सकती हैं। इसके लिए ताजे पान के पत्ते लें और उसे मोड़कर मोटे धागे में पिरोएं। आप चाहें तो इसके बीच में एक या दो-दो गुड़हल के फूल भी लगा सकते हैं।
मोगरे के फूलों की माला
दूसरे दिन ब्रह्मचारिणी की पूजा होती है। इस दिन पूजा के दौरान मां को सफेद फूलों की माला अर्पित कर सकती हैं। इसके लिए मोगरे, मधुकामिनी, गुलाब, चंपा या परिजात के फूलों का भी इस्तेमाल कर सकती हैं। सफेद फूलों की माला को आकर्षक बनाने के लिए बीच में एक लाल फूल भी लगाया जा सकता है।
गेंदे के फूलों से बनाएं माला
तीसरे दिन सुबह नहा-धोकर मां के लिए खुद माला तैयार कर सकती हैं। इसके लिए गेंदे के फूलों का चुनाव करें। नारंगी और पीले फूलों से खूबसूरत माला बनाई जा सकती है। गेंदे के फूलों को मजबूत ऊन में बड़ी सुई की मदद से पिरोएं। जब माला तैयार हो जाए, तो छोर से मजबूत गांठ लगा दें।
नारंगी फूलों की माला
चौथे दिन मां कुष्मांडा देवी की पूजा की जा सकती है। इस दिन मां को नारंगी रंग के फूलों की माला अर्पित कर सकती हैं। इसके लिए गेंदा, डहेलिया नारंगी गुलाब और ट्यूलिप के फूल चुन सकते हैं। नारंगी फूलों की माला बनाने के लिए ऊन लें और इसमें फूलों को एक-एक करके पिरोएं। अंत में गांठ लगाकर माला तैयार करें।
बेलपत्र की माला
नवरात्रि का पांचवा दिन मां स्कंदमाता को समर्पित होता है। इस दिन आप बेलपत्र के पत्तों से माला तैयार कर सकती हैं। इसके लिए ताजे बेलपत्र तोड़ लें। इसे एक एक करके धोगे में पिरोएं। माला को आकर्षक बनाने के लिए बीच में पीले फूल भी लगा सकती हैं।
करदली फूल की माला
पांचवे दिन माता के लिए करदली के फूलों की माला तैयार कर सकती हैं। इसके सफेद और लाल रंग के फूलों को मिलाकर खूबसूरत और आकर्षक माला तैयार कर सकती हैं। इसके बीच में टसल लगा सकती हैं, जिससे माला सुंदर लग सकती है।
कृष्ण कमल के फूलों की माला
सातवें दिन मां कालरात्रि की पूजा होती है। इस दिन माता को कृष्ण कमल के फूलों या रातरानी के फूलों की माला अर्पित की जा सकती है। इस फूल का जुड़ाव महाभारत काल से माना जाता है। ऐसे में इसकी माला बनाना शुभ साबित हो सकती है। इसके लिए मजबूत धागे को सुई में डालें। अब फूलों को एक-एक करके पिरोएं। इस तरह माला तैयार हो जाएगी। आप चाहें तो बीच में बड़ा मोती भी लगा सकते हैं।
लाल फूल की माला
नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की पूजा की जाती है। इस दिन आप मां को लाल फूलों की माला पहना सकती हैं। इसे बनाने के लिए गुड़हल के फूल या गुलाब के फूलों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसे बनाने के लिए आप एक मजबूत धागा लें। इसमें सबसे पहले एक बड़ा मोती डालें ताकि फूल दूसरी तरफ न निकलें। अब एक-एक करके सभी फूलों को डालें। माला को आकर्षक बनाने के लिए बीच में मोतियों की लड़ी लटका सकते हैं।
रंग-बिरंगे फूलों की माला
नवरात्रि के आखिरी दिन माता सिद्धिदात्री की पूजा होती है। इस दिन उन्हें रंग-बिरंगे ताजे फूलों की माला अर्पित कर सकती हैं। ताजे फूल आप अपने बगीचे या बाजार से लेकर आ सकती हैं। इसे तैयार करने के लिए अपनी पसंद के रंग के फूलों को एक-एक करके लगाएं। बीच में एक आम के पत्ते भी लगा सकती हैं। इससे माला सुदंर दिख सकती है।
मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को विशेष फूल या माला अर्पित करने की परंपरा अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग हो सकती है। इसलिए पूजा करते समय अपने परिवार की परंपरा और स्थानीय मान्यताओं का ध्यान रखें।
