शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो चुकी है और नौ दिनों तक चलने वाले इस त्योहार के दौरान मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान अधिकतर घरों में सात्विक भोजन बनाया जाता है। इसके साथ ही काफी लोग नौ दिनों तक उपवास भी रहते हैं। उपवास के दौरान खानपान का विशेष ध्यान रखना होता है। व्रत में गेहूं या चावल जैसे अनाज खाने से परहेज किया जाता है। इसकी जगह कुट्टू, सिंघाड़े और राजगीरा के आटे का इस्तेमाल किया जाता है। राजगीरे के आटे से पूरी, पराठे, हलवा और रोटी जैसी कई चीजें बनाई जाती हैं।

अधिकतर लोग बाहर से राजगीरे का आटा खरीदना पसंद करते हैं। लेकिन कई बार यह पुराना या फिर इसकी शुद्धता को लेकर आश्वस्त नहीं रहते। हालांकि, आप घर पर भी शुद्ध राजगीरे का आटा तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर किस तरह राजगीरे का आटा बनाएं।

जरूरी सामान

250 से 500 ग्राम राजगीरे के दाने
साफ सूती कपड़ा या छलनी
कड़ाही
मिक्सर या ग्राइंडर
बारीक छलनी
एयरटाइट डिब्बा

इस तरह बनाए राजगीरे का आटा

सबसे पहले राजगीरे के दानों को एक बड़ी प्लेट में फैलाकर इसमें से मौजूद कंकड़ों, मिट्टी, भूसी या दूसरी गंदगी को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद एक साफ कड़ाही को धीमी आंच पर गर्म कर उसमें राजगीरे के दाने डालकर लगातार चलाते हुए हल्का भून लें। हल्का भूनने से उसकी नमी कम हो जाती है, जिससे आटे में अच्छी खुशबू आती है। अब इसे एक प्लेट में निकालकर ठंडा होने के लिए रख दें।

जब राजगीरे के दाने ठंडे हो जाएं, तो उन्हें मिक्सर या ग्राइंडर में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में डालकर बारीक पीस लें। एक बार बहुत अधिक दाने न डालें, वरना ये अच्छी तरह नहीं पीसते हैं। पिसे हुए आटे को बारीक छलनी या सूती कपड़े से अच्छी तरह छान लें। अगर उसमें मोटे कण बच गए हैं, तो उन्हें दोबारा पीसकर छान सकते हैं। आटा जितना अधिक महीन होगा, रोटी या पूरी बनाने में उतनी ही आसानी होगी। तैयार आटे को पूरी तरह ठंडा होने के बाद साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे में रखकर कुछ दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है।

क्या-क्या बना सकते हैं

राजगीरे के आटे से व्रत के लिए कई तरह के व्यंजन बनाए जा सकते हैं। इसकी रोटी और पूरियां बनाई जा सकती हैं। इसके अलावा आटे में उबला हुआ आलू और व्रत में इस्तेमाल होने वाले मसाले मिलाकर पराठा भी तैयार कर सकते हैं। इसके अलावा देसी और शुद्ध घी में स्वादिष्ट हलवा भी बना सकते हैं।

यह भी पढ़ें
व्रत में शाम के समय बनाएं कच्चे केले के कबाब, आसान है रेसिपी