DIY Toran Decor: दिवाली का त्योहार घरों में खुशियां लेकर आता है। इस मौके पर हर कोई अपने घर को सबसे सुंदर बनाने के लिए सफाई, पुताई और सजावट के अलग-अलग तरीके अपनाते हैं। घरों को सजाने के लिए दीयों, रंग-बिरंगी लाइटों, रंगोली और खूबसूरत सजावटी चीजों का उपयोग किया जाता है। वहीं दरवाजे को सजाने के लिए तोरण लगाए जाते हैं। अक्सर हम तोरण बाजार से खरीदकर लाते हैं, जो बहुत जल्दी खराब हो सकते हैं। इसे आप घर पर ही कुछ चीजों की मदद से आसानी से बना सकते हैं। यह दरवाजे को आकर्षक और खूबसूरत बनाने में मदद कर सकता है।
इस साल दिवाली की 8 नवंबर, 2026 को है। इससे पहले धनतेरस और छोटी दिवाली मनाई जाएगी और बाद में गोवर्धन पूजा और भाई दूज तक हर तरफ दिवाली की रौनक रहेगी। इस शुभ अवसर पर घर के लिए खुद से तोरण बनाकर दरवाजे को सजा सकती हैं। आइए, जानते हैं इसे बनाने का तरीका।
सामग्री
कार्डबोर्ड (मजबूत गत्ता)
लाल और सफेद रंग के चार्ट पेपर
पेंसिल
कैंची या कटर
जूट की रस्सी
सजावटी मोती (लाल और सफेद)
छोटी पीतल की घंटियां
गोंद
धागा (नायलॉन लाइन)
बनाने का तरीका
तोरण बनाने के लिए सबसे पहले पेंसिल की मदद से कार्डबोर्ड पर कमल का आकार बनाएं। कार्डबोर्ड लगभग 5 से 6 इंच का होना चाहिए, जिससे कई सारे छोटे-छोटे कमल के आकार बनाए जा सकें। अब कैंची या कटर की मदद से सावधानी से डिजाइन के अनुसार कमल को काटें। अब इस कमल को लाल रंग से पेंट करें या फिर लाल चार्ट पेपर से अच्छी तरह कवर करें और गोंद लगाकर चिपका दें। सफेद चार्ट पेपर का टुकड़ा लें और इसे कमल के आकार से थोड़ा छोटा बनाकर काट लें। इसे कमल के बीच में चिपका दें ताकि डिजाइन बन जाए। अब सबसे ऊपर और नीचे वाली पंखुड़ी में छोटा छेद कर दें ताकि इसके बीच से धागा डाला जा सके।
अब लाल धागा लें और इसे कमल के ऊपर वाले छेद से निकालें। इसमें लाल मोतियां भी लगाएं। अब कमल के नीचे वाले छेद में धागा डालें और इसमें एक लाल, सफेद और फिर लाल मोती डालें। इसके नीचे की तरफ गांठ लगाकर घंटी को सुरक्षित करें। इस तरह एक हैंगिंग पीस तैयार हो जाएगा। इस तरह आप दरवाजे की लंबाई के अनुसार बाकी के कमल तैयार कर लें। अब जूट की रस्सी को आप चाहें तो लाल धागे या लेस लपेटकर सजा सकती हैं। अब कार्डबोर्ड पर पत्ती का निशान बनाएं और इसे भी काट लें। इसके ऊपर हरे रंग का चार्ट पेपर चिपकाएं। इसके ऊपर हर हैंगिंग पीस को समान दूरी पर गांठ लगाकर बांधें। बीच में लगभग 4 से 6 इंच की दूरी रखें और बीच में हरे रंग का पत्ता बांध दें। कमल के बीच में हरी पत्तियों को लगाना वैकल्पिक है।
अब जूट की रस्सी के एक सिरे पर लूप बनाएं। धागे से लपेटकर मजबूती से बांधें। इसी तरह दूसरे हिस्से पर भी लूप बनाएं। दरवाजे के ऊपर दोनों तरफ मजबूत चिपकने वाला हुक लगाएं। इससे आपको ड्रिल करने की जरूरत नहीं होगी। अब तोरण के दोनों सिरों के लूप को हुक पर डाल दें और सीधा सेट कर दें। इस तरह खूबसूरत कमल का तोरण तैयार हो जाएगा। जिसे मुख्य द्वार, मंदिर या कमरे को सजाने के लिए दिवाली पर लगाया जा सकता है।
