छोले-भटूरे का नाम सुनते ही हर किसी के मुंह में पानी आ जाता है। खासकर बाजार या ढाबे पर मिलने वाले बड़े, फूले-फूले और मुलायम भटूरे हर किसी को पसंद आते हैं। लेकिन घर पर अक्सर भटूरे या तो सख्त बन जाते हैं या तलते समय ठीक से फूलते नहीं हैं। अगर आप भी बाजार जैसे भटूरे घर पर बनाना चाहते हैं, तो आटा गूंथते समय और तलते वक्त कुछ आसान बातों का ध्यान रखें। इससे आपके भटूरे बाहर से हल्के कुरकुरे और अंदर से बेहद नरम बनेंगे।
भटूरे का आटा गूंथते समय रखें इन बातों का ध्यान
सिर्फ मैदा नहीं, दही और गुनगुना दूध भी मिलाएं
भटूरे का आटा केवल मैदा से गूंथने के बजाय उसमें थोड़ा दही और गुनगुना दूध मिलाएं। दही और दूध का मिश्रण आटे को मुलायम बनाता है और तलने के बाद भटूरे अच्छी तरह फूलते हैं। यही तरीका कई ढाबों और रेस्तरां में भी अपनाया जाता है।
एक चुटकी बेकिंग सोडा जरूर डालें
भटूरे को अच्छी तरह फूलाने के लिए आटे में एक चुटकी बेकिंग सोडा मिलाएं। ध्यान रखें कि इसकी मात्रा बहुत ज्यादा न हो, क्योंकि अधिक बेकिंग सोडा भटूरे को ज्यादा तेल सोखने पर मजबूर कर सकता है। चाहें तो थोड़ा-सा चीनी भी मिला सकते हैं, जिससे भटूरों का रंग सुनहरा आता है।
आटा गूंथने के बाद तुरंत न तलें
भटूरे का असली स्वाद और मुलायम बनावट पाने के लिए आटे को गूंथने के बाद कम से कम 30 मिनट से 1 घंटे तक ढककर रखें। इस दौरान आटे में हल्की-सी फर्मेंटेशन होती है, जिससे भटूरे ज्यादा नरम और स्पंजी बनते हैं।
भटूरे बेलते समय न करें ये गलती
भटूरे को पूरी की तरह बहुत पतला न बेलें। इन्हें थोड़ा मोटा बेलने से तलते समय भटूरे अच्छी तरह फूलते हैं और अंदर से भी मुलायम रहते हैं।
तेल का तापमान भी है बेहद जरूरी
भटूरे तलने के लिए तेल का सही तापमान होना जरूरी है। अगर तेल कम गर्म होगा तो भटूरे ज्यादा तेल सोख लेंगे और ठीक से नहीं फूलेंगे। वहीं, अगर तेल बहुत ज्यादा गर्म होगा तो भटूरे बाहर से जल्दी भूरे हो जाएंगे लेकिन अंदर से अच्छी तरह नहीं पकेंगे।
इन आसान टिप्स से बनेंगे परफेक्ट भटूरे
मैदा में दही और गुनगुना दूध मिलाकर आटा गूंथें। एक चुटकी बेकिंग सोडा और थोड़ा-सा चीनी डालें। आटे को कम से कम 30 मिनट से 1 घंटे तक ढककर रखें। भटूरे को थोड़ा मोटा बेलें। हमेशा मध्यम से तेज गर्म तेल में ही भटूरे तलें।
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप भी घर पर बाजार जैसे फूले-फूले, मुलायम और स्वादिष्ट भटूरे बना सकते हैं। इन्हें छोले, अचार, प्याज और लस्सी के साथ परोसें और पूरे परिवार के साथ स्वाद का आनंद लें।
Also Read
अगर पसंद है मसालेदार खाना, तो एक बार जरूर बनाएं स्पाइसी मशरूम घी रोस्ट, जानें स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी
