Jhadu DIY Decor Ideas: झाड़ू का इस्तेमाल रोजाना घर की साफ-सफाई के लिए किया जाता है। समय के साथ झाड़ू की सींक या बाल घिसकर छोटे हो जाते हैं। इससे झाड़ू टूटने लगता है और सफाई भी सही तरीके से नहीं हो पाती है। ऐसे झाड़ू को फेंक दिया जाता है। अगर आप भी पुरानी झाड़ू को फेंकने की सोच रहे हैं, तो रुक जाइए। दरअसल पुराने झाड़ू का इस्तेमाल घर को सजाने के लिए किया जा सकता है। अगर आपको क्रिएटिव चीजें बनाने का शौक है, तो इस बार दिवाली की सफाई के बाद कचरे में फेंकी जाने वाली झाड़ू को दोबारा इस्तेमाल में ला सकते हैं।

पुरानी या टूटी झाड़ू की मदद से आप दीवार को सजाने के लिए वॉल आर्ट तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं पुरानी झाड़ू से घर को सजाने के लिए डेकोरेटिव चीजें बनने के लिए किन चीजों की जरूरत होगी और इसे किस तरह आसानी से बनाया जा सकता है।

वॉल आर्ट बनाने का पहला तरीका

सबसे पहले झाड़ू को उसके कवर से सावधानी से निकाल लें। इसके अंदर मौजूद गोल-गोल मोटी स्टिक या डंडियों (लकड़ी) को एक-एक करके अलग कर लें। इन सभी लकड़ियों को गोल्डन कलर के स्प्रे से पेंट कर दें। इसके लिए सबसे पहले जमीन पर अखबार बिछा लें और हाथों में ग्लव्स पहन लें। अब स्प्रे की मदद से सभी डंडियों को अच्छी तरह से कलर कर लें। इस वॉल आर्ट को बनाने के लिए आपको 16 डंडियां तैयार करें और 8 डंडियों को छोटा रखें।

अब कार्डबोर्ड को छोटे गोल आकार में लें। इस तरह दो गोले को काटें और इन्हें आपस में अच्छी तरह ग्लू की मदद से चिपका दें। कार्डबोर्ड के लिए आप घर पर रखे खाली डिब्बों का इस्तेमाल कर सकते हैं। अब एल्यूमिनियम फॉयल लेकर उसे मोड़ते हुए जलेबी का आकार दें। इसके लिए आप इस्तेमाल किया हुआ एल्यूमिनियम फॉयल भी ले सकती हैं, जिसमें बाजार का खाना पैक होकर आता है। इसे फेंकने की जगह आप संभालकर रख सकती हैं। अब इसे काटे हुए कार्डबोर्ड के ऊपर चिपका दें। इसे भी अच्छी तरह स्प्रे से पेंट कर लें।

अब इस कार्डबोर्ड के पीछे वाले हिस्से पर समान रूप से इन डंडियों को ग्लू की मदद से अच्छी तरह चिपका दें। बड़ी डंडियों के बीच में छोटी डंडियों को लगाएं। सभी डंडियों को गोलाकार में लगा दें। अब ऊपर से कार्डबोर्ड चिपका दें। अब सजावट के लिए छोटे-छोटे गोल मिरर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हें किनारों और बीच में अच्छी तरह चिपकाएं। इस तरह आपको वॉल आर्ट बनकर तैयार हो जाएगा।

वॉल आर्ट बनाने का दूसरा तरीका

पुराने या टूटे हुए झाड़ू के नीचे वाले हिस्से को अलग कर लें। अब झाड़ू की सींक का गुच्छा बनाते हुए टेप से चिपका दें। इस तरह आप बाकी के गुच्छों को तैयार कर लें। ध्यान रखें कि इसे बनाने के लिए आपको झाड़ू के आगे की सींकों को इस्तेमाल करना है। अब इन सभी को अच्छी तरह स्प्रे से रंग दें। आप गोल्डन या अपनी पसंद का रंग इसके ऊपर कर सकते हैं। अब कार्डबोर्ड के ऊपर आधा गोला बनाएं और इसे काट लें। इसके दो टुकड़ों को बराबर आकार में काटें। अब इसे जूट या चार्ट पेपर की मदद से कवर करें। इसके ऊपर अपनी पसंद के अनुसार फूल या पत्तियों का डिजाइन बनाएं। इस तैयार कार्डबोर्ड के पीछे की तरफ तैयार की गई झाड़ू की सींकों को चिपकाएं। इन्हें ऊपर के गोल हिस्से में ही चिपकाएं, जिससे यह दिखने में उगते हुए सूरज की तरह नजर आए।

इस तरह आप दूसरे हिस्से को भी तैयार कर सकते हैं। अब इसे दीवार पर लगा सकते हैं। इसके बीच में फोटो फ्रेम को लगाया जा सकता है। जिससे खाली दीवार को एस्थेटिक और आकर्षक लुक मिल सके। इसे आप शीशे के ऊपर भी लगा सकते हैं।