घरों में केले को खाने के बाद उसके छिलके को फेंक दिया जाता है। हालांकि, केले का यह छिलका पौधों के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। आप इससे आसानी से खाद भी तैयार कर सकते हैं।

केले के छिलके में पोटैशियम, फॉस्फोरस, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पौधों की ग्रोथ को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। ऐसे में अगर आप भी केले के छिलके को खाने के बाद फेंक देते हैं, तो इससे आप घर पर ही कुछ खास तरह की खाद बना सकते हैं।

केले के छिलके से कैसे बनाएं खाद?

सूखे छिलके वाली खाद

केले के छिलके से खाद बनाने के लिए सबसे पहले इन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इन्हें धूप में अच्छी तरह सुखा लें। पूरी तरह सूख जाने के बाद इन्हें पीसकर पाउडर बना लें। इस पाउडर को आप सीधे मिट्टी में मिला सकते हैं।

पानी वाली खाद

आप पौधों के लिए केले के छिलके से पानी वाली खाद भी बना सकते हैं। इसके लिए एक बर्तन में केले के छिलके डालें और उसमें पानी भर दें। इसे 24 से 48 घंटे के लिए ढककर रख दें। इसके बाद इस पानी को छान लें और पौधों में डालें।

सीधे मिट्टी में मिलाएं

अगर आपके पास समय कम है, तो केले के छिलके को छोटे टुकड़ों में काटकर सीधे गमले की मिट्टी में दबा सकते हैं। कुछ ही दिनों में यह छिलका सड़कर खाद में बदल जाएगा।

पौधों के लिए फायदेमंद है केले का छिलका

केले के छिलके में पोटैशियम, फॉस्फोरस, कैल्शियम और मैग्नीशियम सहित कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। दरअसल, पोटैशियम पौधों की जड़ों को मजबूत करता है और फूल-फल आने की प्रक्रिया को तेज करता है। वहीं, फॉस्फोरस पौधों की ओवरऑल ग्रोथ में मदद करता है। केले के छिलके से बनी खाद खासतौर पर फूलों वाले पौधों, सब्जियों और फलों के पौधों के लिए काफी लाभकारी मानी जाती है।