घर के गार्डन में आजकल लोग सब्जियों, फूलों और सजावटी पौधों के साथ-साथ फलों के पौधे भी लगाना पसंद कर रहे हैं। हालांकि कुछ फलों के पौधों को बढ़ने के लिए ज्यादा जगह की जरूरत होती है। ऐसे में आप उन पौधों को लगा सकते हैं, जो कम जगह में आसानी से ग्रोथ कर सकें। स्ट्रॉबेरी का पौधा भी इसमें शामिल है, जो घर पर आसानी से उगाया जा सकता है।
किचन गार्डन में फल उगाना चाहते हैं, तो स्ट्रॉबेरी को चुन सकते हैं। इसे गमले में आसानी से लगाया जा सकता है। अगर आप इसे पहली बार लगा रहे हैं, तो यहां बताए गए तरीके आपके काम आ सकते हैं। आइए जानते हैं गमले में स्ट्रॉबेरी लगाने का तरीका क्या है।
स्ट्रॉबेरी लगाने का बेस्ट समय
घर के गार्डन को हरा-भरा और खूबसूरत बनाने के लिए उसमें तरह-तरह के पौधे लगाए जाते हैं। अगर आप स्ट्रॉबेरी लगाने की सोच रहे हैं, तो अक्टूबर से नवंबर का महीना बेहतरीन साबित हो सकता है। इस दौरान पौधे लगाने के लिए मौसम अनुकूल होता है। पौधे लगाने के करीब 45 से 60 दिन के अंदर फल आना शुरू हो सकते हैं। फूल आने के करीब 4 से 6 हफ्ते बाद इसमें फल आने लगेंगे।
पौधे के लिए इस तरह तैयार करें मिट्टी का मिश्रण
स्ट्रॉबेरी का पौधा लगाने के लिए आपको सही गमले का चुनाव करना जरूरी है क्योंकि इससे जड़ें अच्छी तरह से विकसित हो सकेंगी। इस पौधे को लगाने के लिए लगभग 8 से 10 इंच का गमला ले सकते हैं। अगर आप दो या तीन पौधे साथ में लगा रहे हैं, तो इसके लिए 12 इंच का गमला लें। सही मिट्टी का मिश्रण तैयार करने से पौधे की ग्रोथ बेहतर हो सकती है। इसके लिए गमले में 40 प्रतिशत बगीचे की मिट्टी, 30 प्रतिशत कोकोपीट और 30 प्रतिशत वर्मीकम्पोस्ट को मिक्स करें। ध्यान रखें कि जिस गमले में स्ट्रॉबेरी का पौधा लगा रहे हैं, उसमें पर्याप्त ड्रेनेज होल हों।
लगाने का तरीका
आप अपने पास की नर्सरी से स्ट्रॉबेरी का पौधा खरीद सकते हैं। इसे ग्रो बैग से आसानी से निकालें और गमले में सावधानी से रखें। जड़ों को फैलाकर क्राउन वाले हिस्से (पत्ते के नीचे वाला हिस्सा) को मिट्टी के ऊपर रखें। अब चारों तरफ से मिट्टी से जड़ों को ढक दें। ऊपर से हल्का पानी दें ताकि मिट्टी गीली हो जाए।
धूप और पानी
स्ट्रॉबेरी के पौधे को स्वस्थ बनाए रखने के लिए उसे पर्याप्त धूप और पानी की जरूरत होती है। पौधे को ऐसी जगह रखें जहां से उसे कम से कम 5 से 6 घंटे की धूप मिल सके। इसके अलावा मिट्टी को नम रखें लेकिन ज्यादा गीला न करें। पानी सुबह के समय देना ज्यादा बेहतर होगा। फलों और फूलों पर सीधे पानी न डालें। इससे जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है।
मल्चिंग और खाद देने का तरीका
जब स्ट्रॉबेरी के पौधे में फूल आने लगें, तो इसे हर एक महीने बाद वर्मीकॉम्पोस्ट दें। साथ ही सूखी और पीली पत्तियों को मिट्टी से हटा दें। जब फल पक जाएं, तो इन्हें कीड़ों और चिड़ियों से बचाकर रखें। स्ट्रॉबेरी के फलों को सहारा देने के लिए नीचे घास या भूसा बिछा सकते हैं। इस तकनीक को मल्चिंग कहा जाता है। इसमें पौधे के आसपास खुली मिट्टी की सतह को किसी जैविक सामग्री की परत से ढक दिया जाता है।
इन गलतियों से बचें
पौधा लगाते समय क्राउन को मिट्टी में गहरा दबा देना। ऐसा करने से पौधे को बढ़ने में समस्या हो सकती है। इसके अलावा गमले में पानी का जमा होना जड़ों को जल्दी सड़ा सकता है। पके फलों को मिट्टी से छूने देने से फलों के सड़ने, फंगस लगने और कीड़े-मकौड़ों का हमला होने का खतरा बढ़ सकता है। मिट्टी में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया, फंगस और नमी पके फलों को बहुत जल्दी खराब कर सकती हैं। इसलिए पौधे के नीचे सूखी घास या प्लास्टिक की शीट बिछा दें। साथ ही पौधों को छाया में रखने से बचें। ऐसा करने से पौधे में फल कम आ सकते हैं।
