लाल शिमला मिर्च का उपयोग खाने में स्वाद, रंग और पोषण बढ़ाने के लिए किया जाता है। इसमें विटामिन C, A और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो इम्यूनिटी को मजबूत करने और त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। काफी लोग ऐसे होते हैं जो घर पर ही बागवानी करते हैं। तरह-तरह के फूल, जड़ी-बूटियों वाला पौधा और सब्जियां उगाते हैं। ऐसे में आप लाल शिमला मिर्च को भी घर पर गमले या छत पर भी आसानी से उगा सकते हैं। इसके लिए धूप, अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी और नियमित पानी की जरूरी होती है। सही देखभाल की मदद से आप घर पर ताजा और ऑर्गेनिक शिमला मिर्च खा सकते हैं।

गमला और मिट्टी
शिमला मिर्च उगाने के लिए कम से कम 10-12 इंच गहरा गमला चुनें, जिसमें नीचे ड्रेनेज होल जरूर हो ताकि अतिरिक्त पानी आसानी से निकल सके। लाल शिमला मिर्च के लिए 40% गार्डन मिट्टी, 30% कोकोपीट और 30% वर्मी कम्पोस्ट उपयुक्त माना जाता है। इन्हें मिलाकर गमले में डाल दें, ध्यान रखें कि मिट्टी हल्की भुरभुरी और अच्छी जल निकासी वाली हो, जिससे पौधे की जड़ों को पर्याप्त हवा और नमी मिल सके।

बीज बोने का तरीका
लाल शिमला मिर्च के बीज बोने के लिए उन्हें लगभग 0.5 इंच गहराई में मिट्टी में लगाएं और ऊपर से हल्का पानी दें। सही देखभाल और नमी मिलने पर लगभग 7-10 दिनों में अंकुर निकल आते हैं। जब पौधे में 3-4 पत्तियां विकसित हो जाएं, तब उसे बड़े गमले में ट्रांसप्लांट कर सकते हैं, ताकि उसे बढ़ने के लिए पर्याप्त जगह मिल सके।

धूप में कितनी देर रखें
शिमला मिर्च के पौधे की अच्छी वृद्धि के लिए नियमित लगभग 5-7 घंटे की धूप जरूरी होती है। बहुत अधिक गर्मी होने पर पौधे को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए ऐसे समय में इसे हल्की छाया में रखना बेहतर होता है, ताकि पौधा स्वस्थ बना रहे।

पानी देने का सही तरीका
लाल शिमला मिर्च के पौधे में पानी तभी दें जब मिट्टी सूखे लगे, क्योंकि ज्यादा पानी देने से जड़ों में सड़न हो सकती है। सामान्य तौर पर मौसम के अनुसार सप्ताह में 2-3 बार पानी देना पर्याप्त होता है। मिट्टी में नमी बनी रहनी चाहिए, लेकिन पानी जमा न हो।

खाद देने का सही समय
शिमला मिर्च के पौधे को स्वस्थ रखने के लिए हर 10-15 दिन में वर्मी कम्पोस्ट डालना फायदेमंद होता है। जब पौधे में फूल आने लगें, तब पोटाश युक्त खाद देने से फल बनने और उसकी गुणवत्ता बेहतर होती है। इसके अलावा घर पर बने तरल खाद, जैसे छाछ या केले के छिलकों का पानी का उपयोग किया जा सकता है।

कब आते हैं फल
शिमला मिर्च के पौधे में आमतौर पर 60 से 90 दिनों के भीतर फल आने शुरू हो जाते हैं। शुरुआत में फल हरे रंग के होते हैं, जो पकने के साथ धीरे-धीरे लाल हो जाते हैं। जब शिमला मिर्च पूरी तरह लाल और चमकदार दिखने लगे, तब उसे सावधानी से काट लें।

डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।

Also Read
गमले में आसानी से उगाएं पुदीना, जानें इसकी सही देखभाल का तरीका