आजकल घर पर ही ऑर्गेनिक सब्जियों को उगाने का चलन बढ़ता जा रहा है। गार्डन, बालकनी, छत या गमलों में ही लोग अलग-अलग तरह के पौधे लगाना पसंद करते हैं। फूलों से लेकर सब्जियों तक आप घर पर तरह-तरह के पौधे लगा सकते हैं। कई लोगों को लगता है कि बड़े पौधों को उगाने के लिए ज्यादा जगह की जरूरत होती है। हालांकि हर बार ऐसा जरूरी नहीं है, कुछ पौधों को सही देखभाल की मदद से गमले में उगाया जा सकता है। सहजन का पौधा भी इसमें से एक है। इसे मोरिंगा या ड्रमस्टिक के नाम से भी जाना जाता है। इसकी फलियां ही नहीं बल्कि पत्तियां भी सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं।
सहजन (मोरिंगा या ड्रमस्टिक) का पौधा लगाने के लिए आप घर पर बड़े गमले का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसे बीज, नर्सरी से छोटा पौधा या कटिंग की मदद से लगाया जा सकता है। अगर आपके आसपास सहजन का पेड़ लगा है, तो उसकी सूखी फलियों से बीज निकाल भी लगाया जा सकता है।
बीजों से सहजन लगाने का तरीका
अगर आप बीज से सहजन उगाना चाहते हैं, तो लगभग 1 दिन के लिए पानी में भिगोकर रख दें। इससे बीजों का अंकुरण जल्दी हो सकेगा। अगले दिन बीज तैयार हो जाएंगे और इन्हें लगाया जा सकता है। जो बीज पानी के ऊपर तैर रहे हैं, उन्हें हटा दें और बाकी के बीजों का इस्तेमाल करें। बीजों की अच्छी ग्रोथ वर्मीकम्पोस्ट और कोकोपीट को बराबर मात्रा में मिला लें। इसे किसी चौड़े गमले में भर दें जिसका ड्रेनेज अच्छा हो। अब बीजों को आधे इंच गहराई पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर लगा दीजिए। अब ऊपर से हल्का पानी स्प्रे कर दें। अगली बार पानी तभी दें जब मिट्टी की ऊपरी परत सूख जाए। जब तक बीज अंकुरित नहीं होते, तब तक इस गमले को ऐसी जगह रखें जहां पर सीधे सूरज की रोशनी न आती हो।
बड़े गमले में लगाएं पौधा
लगभग 10 दिनों के अंदर बीज अंकुरित होने लगेंगे। अब इन्हें बड़े गमले में शिफ्ट यानी ट्रांसफर किया जा सकता है। इसे लगाने के लिए बड़ा गमला चुनें क्योंकि इसकी जड़ें काफी ज्यादा फैलती हैं। अगर आप सहजन को छोटे गमले में लगाएं, तो यह अच्छी तरह विकसित नहीं हो पाएगा। इसे लगाने के लिए लगभग 18 इंच का मिट्टी का गमला लें जिसके नीचे तीन-चार ड्रेनेज होल हों। गमले में नीचे नारियल के छिलके बिछा दें और ऊपर छोटे कंकड़ों की लेयर बिछाएं।
अब बराबर मात्रा में बगीचे की मिट्टी, रेत और वर्मीकम्पोस्ट को मिक्स कर लें। गमले में इस तैयार मिट्टी को भरकर पौधा लगा दीजिए। इसे ऐसी जगह रखें जहां कम से कम 3-4 घंटे की धूप आती हो। लगभग 3 से 4 महीने बाद पौधा बड़ा हो जाए, तब इसे ऐसी जगह रखें जहां सीधी धूप मिल सके। अच्छी ग्रोथ के लिए हर 3 महीने में मिट्टी में सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मीकम्पोस्ट को डालें। धीरे-धीरे पौधा लंबा और बड़ा होता जाएगा। इसे घना करने के लिए ऊपर से कटिंग कर दें ताकि इसमें ज्यादा टहनियां विकसित हो सकें।
हालांकि बीज से उगाए गए सहजन के पौधे में पहली फ्लावरिंग में फल नहीं आते हैं। ऐसे में ये फूल गिर जाएंगे और अगली फ्लावरिंग में फल आने लगेंगे। इसकी अच्छी तरह देखभाल करने से लगभग 2 से 2.5 साल बाद इसमें फलियां आने लगेंगी। जिसका इस्तेमाल आप कर सकते हैं। इस पौधे को ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती। लेकिन अगर आपके यहां ठंड ज्यादा पड़ती है, तो सर्दियों के समय इसे पाले से बचाकर रखें।
