अगर आपको गार्डनिंग का शौक है और घर की बालकनी या कमरे की खूबसूरती बढ़ाना चाहते हैं तो हरे-पीले पत्तों वाला गोल्डन पोथोस लगा सकते हैं। इसकी बेल को ज्यादा देखभाल की जरूरत भी नहीं होती। सबसे अच्छी बात यह है कि आप इसकी कटिंग से घर पर ही नए पौधे तैयार कर सकते हैं। इसे पानी या मिट्टी, दोनों में उगाया जा सकता है।

गोल्डन पोथोस एक बेल वाला सजावटी पौधा है। इसकी हरी पत्तियों पर सुनहरे या पीले रंग के निशान होते हैं, जो इसे बाकी पौधों से अलग बनाते हैं। इसे डेविल्स आइवी भी कहा जाता है। यह घर के अंदर गमले, हैंगिंग बास्केट या किसी सहारे के साथ आसानी से उगाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसे लगाने का आसान तरीका।

कटिंग से नया पौधा कैसे तैयार करें?

इसे घर में लगाने के लिए सबसे पहले पौधे की स्वस्थ और हरी टहनी चुनें। ऐसी टहनी लें जिस पर कुछ पत्तियां हों और तने पर गांठें दिखाई दें। इन गांठों को अंग्रेजी में नोड (Node) कहा जाता है। इसी जगह से नई जड़ें निकल सकती हैं।

फिर कैंची से गांठ के ठीक नीचे तने का टुकड़ा काटें। कटिंग में कम से कम एक गांठ और एक पत्ती जरूर हो। तने के निचले हिस्से की पत्तियां हटा दें, ताकि वे पानी या मिट्टी में न डूबें। अगर एक ही पौधे से कई नए पौधे तैयार करने हैं, तो इसी तरह कई कटिंग ले सकते हैं।

पानी में गोल्डन पोथोस उगाने का तरीका

पानी में इसे उगाने के लिए सबसे पहले एक साफ गिलास या जार लें। उसमें पानी भरें। इसके बाद कटिंग को इस तरह रखें कि तने की गांठ पानी के अंदर रहे, लेकिन पत्तियां पानी से ऊपर रहें। फिर जार को ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त रोशनी आती हो, लेकिन सीधी तेज धूप न पड़ती हो।

इस बात का ध्यान रखें कि पानी गंदा होने पर बदलते रहें। ऐसा करने से कुछ हफ्तों में जड़ें निकलने लग सकती हैं। जब जड़ें लगभग 2.5 से 5 सेंटीमीटर लंबी हो जाएं, तो कटिंग को गमले में लगा सकते हैं। जड़ें निकलने में लगने वाला समय पौधे और घर के वातावरण के हिसाब से अलग हो सकता है।

मिट्टी में सीधे कटिंग कैसे लगाएं?

अगर आप कटिंग को सीधे गमले में लगाना चाहते हैं, तो यह तरीका भी अपना सकते हैं। इसके लिए नीचे छेद वाला छोटा गमला लें और उसमें हल्की, अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी भरें। फिर मिट्टी में एक छोटा छेद बनाएं। इसके बाद कटिंग को इस तरह लगाएं कि उसकी कम से कम एक गांठ मिट्टी के अंदर रहे। मिट्टी को हल्का पानी दें। पौधा बनने में लगभग 3 से 6 हफ्ते लग सकते हैं।