तड़का भारतीय खाने का बहुत ही अहम हिस्सा है, जो दाल से लेकर सब्जी तक हर चीज में खुशबू, रंग और स्वाद जोड़ता है। तड़का लगाने के लिए थोड़ा ही सही लेकिन तेल की जरूरत होती है। लेकिन क्या आपने सोचा है कि बिना तेल के भी तड़का लगाया जा सकता है। जी हां, दाल, पोहा, उपमा, रायता और कई सब्जियों में आप बिना तेल के तड़का लगा सकते हैं।
दरअसल कंसल्टेंट डायटीशियन और सर्टिफाइड डायबिटीज एजुकेटर कनिका मल्होत्रा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि तेल के बिना भी तड़का लगाया जा सकता है। उन्होंने साथ में यह भी बताया कि यह किन सब्जियों में अच्छा काम कर सकता है और पोषण के नजरिए से किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
बिना तेल के तड़का लगाने का तरीका
बिना तेल के तड़का लगाने के लिए कनिका मल्होत्रा ने तीन स्टेप्स बताए हैं। जिनमें मसालों को सूखा भूनना और पानी के साथ मिलाना शामिल है। आइए, जानते हैं बिना तेल के तड़का कैसे लगा सकते हैं।
सबसे पहले स्टील या कास्ट आयरन पैन को धीमी से मध्यम आंच पर गरम करें। इसमें सरसों के दाने डालें और उन्हें चटकने तक ढक दें। फिर जीरा, मेथी दाना और सूखी लाल मिर्च डालें। इन्हें थोड़ी देर भूनें और जलने से पहले ही मसालों को एक प्लेट में निकाल दें।
अब दो से तीन चम्मच पानी को उसी पैन में डालें। पैन में पानी को थोड़ा-थोड़ा करके डालें। अब लहसुन, अदरक, हरी मिर्च और करी पत्ता डालकर दो मिनट पकाएं। इस दौरान पानी सूख जाएगा और मसालों से अच्छी खुशबू आने लगेगी।
आखिर में हल्दी, मिर्च पाउडर या धनिया पाउडर को थोड़े पानी के साथ मिलाकर एक घोल बना लें और फिर इसे पैन में डाल दें। हींग को डालने से पहले उसे थोड़े गुनगुने पानी में घोल लें। मसालों और अन्य सामग्री को अच्छी तरह मिलाएं और फिर इस मिश्रण को दाल के ऊपर डाल दें।
इस तरीके में पिसे हुए मसालों को जलने से बचाने के लिए पानी का इस्तेमाल किया जाता है। जबकि सूखा भूनने से मसालों में वह भुना हुआ स्वाद आ जाता है, जो आमतौर पर तेल वाले तड़के में मिलता है।
इन चीजों में लगा सकते हैं बिना तेल के तड़का
एक्सपर्ट के अनुसार यह तरीका दाल, सांभर, रसम, कढ़ी, पोहा, उपमा, रायता, छाछ और सूखी सब्जियों जैसे लौकी और पत्तागोभी बनाने में किया जा सकता है। हालांकि कुछ डिशेज का खास स्वाद और टेक्सचर काफी हद तक उनमें इस्तेमाल होने वाले फैट पर निर्भर करता है। दाल मखनी, सरसों या नारियल तेल में बनी करी और बिरयानी तेल के बिना शायद वैसा स्वाद न दें। ऐसी डिशेज के लिए आप तेल को पूरी तरह हटाने के बजाय उसे कम मात्रा में इस्तेमाल कर सकते हैं।
बिना तेल के तड़का लगाते समय बरतें सावधानियां
कनिका मल्होत्रा बताती हैं कि गरम पैन में पानी डालने पर छींटे उड़ सकते हैं, इसलिए यह काम सावधानी से करना चाहिए। पानी को पैन में थोड़ा-थोड़ा करके डालें और थोड़ा पीछे हट जाएं। बहुत ज्यादा पानी डालने से बचें, जिससे तड़का उबले हुए पेस्ट जैसा न लगे। डिश तैयार होने से पहले पानी को सूख जाने दें। सूखे मसाले भुनते समय जल्दी जल सकते हैं, इसलिए जैसे ही उनसे अच्छी खुशबू आने लगे, तो उन्हें तुरंत निकाल लें। अगर आप लोहे के बर्तन में तड़का लगा रहे हैं, तो उसकी परत को बचाने के लिए इस्तेमाल के बाद उसे अच्छी तरह सुखा लें। बहुत गरम नॉन स्टिक पैन में ठंडा पानी डालने से बचें क्योंकि तापमान में अचानक बदलाव आने से बर्तन खराब हो सकता है या उसका आकार बिगड़ सकता है।
यहां देखें वीडियो: https://www.instagram.com/reels/De_2PTrTN_E
बिना तेल के तड़के से क्या बदल सकता है स्वाद और पोषण
मल्होत्रा के अनुसार पानी सिर्फ कैलोरी ही नहीं बल्कि चीज का स्वरूप भी बदल देता है। साबुत मसालों को पहले बिना तेल के भून लेने से उनकी भुनी हुई महक वापस आ सकती है। अगर आप चाहते हैं कि चीज थोड़ी कुरकुरी रहे, तो करी पत्ते को आखिर में सूखे पैन में डालें। क्योंकि पानी में पकाने पर वे नरम पड़ जाते हैं।
हालांकि इसके साथ पोषण से जुड़ा एक समझौता करना पड़ सकता है। कुछ बसा घुलनशील पोषक तत्व जैसे कैरोटीनॉयड और करक्यूमिन, वसा के साथ लेने पर बेहतर तरीके से अवशोषित होते हैं। विटामिन ए, ई और के को भी शरीर में अच्छी तरह अवशोषित होने के लिए आहार में वसा की आवश्यकता होती है। मल्होत्रा के अनुसार स्वस्थ खानपान के लिए हर चीज से तेल हटाना जरूरी नहीं हैं। इसके बजाय आप खाने के किसी अन्य रूप में वसा शामिल कर सकते हैं। जैसे दूध, दही, मेवे या रोटी के साथ घी।
