आज के समय में अधिकतर लोगों में ऑयली और चिपचिपे बालों की समस्या आम हो गई है। दरअसल, धूल-मिट्टी और गलत हेयर केयर रूटीन के कारण बाल जल्दी चिपचिपे हो जाते हैं।

ऑयली और चिपचिपे बाल बालों की खूबसूरती को तो प्रभावित करते ही हैं, साथ ही इससे डैंड्रफ, खुजली और हेयर फॉल की समस्या भी होने लगती है। हालांकि, आप इन सभी समस्याओं से राहत पाने के लिए कुछ घरेलू उपाय अपना सकते हैं।

नींबू के रस का करें उपयोग

आप बालों में नींबू के रस और पानी का उपयोग कर सकते हैं। दरअसल, इसमें साइट्रिक एसिड होता है, जो स्कैल्प में जमा अतिरिक्त तेल को हटाने में मदद करता है। इसके अलावा, यह डैंड्रफ कम करने में भी असरदार माना जाता है।

बालों में कैसे लगाएं नींबू का रस?

बालों में नींबू का रस लगाने के लिए सबसे पहले एक गिलास पानी में एक नींबू का रस मिलाएं। अब शैंपू करने के बाद इस पानी से बालों को अच्छी तरह रिंस करें। हालांकि, नींबू के रस को सीधे स्कैल्प पर नहीं लगाना चाहिए, क्योंकि इससे जलन हो सकती है। आप सप्ताह में एक बार इसका उपयोग कर सकते हैं।

बालों में लगाएं मुल्तानी मिट्टी का हेयर पैक

आप बालों में मुल्तानी मिट्टी का हेयर पैक भी लगा सकते हैं। यह काफी फायदेमंद होता है। इसे लगाने से एक्स्ट्रा ऑयल सूख जाता है और बाल गहराई से साफ होते हैं। इसे लगाने के लिए एक कटोरी मुल्तानी मिट्टी में गुलाब जल या सादा पानी मिलाकर पेस्ट तैयार करें। अब इस पेस्ट को स्कैल्प और बालों में लगाकर करीब 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद बालों को साफ पानी से धो लें।

एलोवेरा जेल का करें उपयोग

आप बालों में एलोवेरा जेल का भी उपयोग कर सकते हैं। इसमें मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण स्कैल्प को साफ रखते हैं और तेल के संतुलन को बनाए रखने में मदद करते हैं। इसे लगाने के लिए ताजा एलोवेरा जेल को स्कैल्प पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। करीब आधे घंटे तक रखने के बाद माइल्ड शैंपू से बालों को धो लें। इसके उपयोग से बालों में नेचुरल शाइन भी आती है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।