रसोई में चावल और आटे में कई बार छोटे-छोटे कीड़े लग जाते हैं। दरअसल, नमी, गलत कंटेनर और साफ-सफाई की कमी के कारण कीड़े पनपने लगते हैं। खासकर बदलते मौसम में यह समस्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में आप कुछ खास टिप्स को फॉलो कर इससे आसानी से छुटकारा पा सकते हैं।

एयरटाइट कंटेनर का करें उपयोग

चावल-आटे को रखने के लिए सही कंटेनर का चयन करना बहुत जरूरी होता है। ऐसे में अनाज को हमेशा अच्छी क्वालिटी के एयरटाइट कंटेनर में ही भरकर रखें। खुले पैकेट या ढक्कन ढीला होने पर हवा और नमी अंदर पहुंचती है, जिससे कीड़े लगने का खतरा और बढ़ जाता है। आप चावल और आटे को रखने के लिए प्लास्टिक, स्टील या कांच के मजबूत कंटेनर का उपयोग कर सकते हैं।

तेजपत्ता या नीम की पत्तियां रखें

अनाज को घुन लगने से बचाने के लिए तेजपत्ता या नीम की पत्तियों का उपयोग काफी पहले से किया जाता रहा है। ऐसे में अगर आप अनाज को डिब्बे में रख रहे हैं, तो उसमें 2-3 तेजपत्ता या कुछ सूखी नीम की पत्तियां डाल दें। इनकी खुशबू से कीड़े दूर रहते हैं और अनाज लंबे समय तक खराब नहीं होता है।

पुराने और नए अनाज को रखें अलग-अलग

कई लोग नए और पुराने अनाज को एक साथ मिक्स कर देते हैं। ऐसे में कई बार पुराने अनाज में मौजूद कीड़े नए अनाज में भी लग जाते हैं। इसलिए हमेशा पुराने और नए अनाज को मिलाने से बचना चाहिए। डिब्बे के पुराने स्टॉक को खत्म करने के बाद उसे कुछ समय धूप में सुखाकर ही नया स्टॉक उसमें रखें।

नमी से करें बचाव

कई बार लोग अनाज को सही तरीके से स्टोर तो करते हैं, लेकिन उसे सीलन वाली जगह पर रख देते हैं। ऐसे में नमी के कारण अनाज में कीड़े लगने की संभावना काफी बढ़ जाती है। अनाज को कभी भी सिंक के पास या नमी वाली जगह पर नहीं रखना चाहिए।