How to Make a T-shirt Collar Tighter: ऑफिस, कॉलेज, जिम, घर या घूमने-फिरने के लिए अक्सर लोग टी-शर्ट को स्टाइल करना पसंद करते हैं। महिला हो या पुरुष टी-शर्ट उनके वॉर्डरोब का जरूरी हिस्सा होती है, जिसे किसी भी अवसर पर कैरी किया जा सकता है। हालांकि धुलाई या लंबे समय तक इस्तेमाल के कारण कॉलर ढीला पड़ने लगता है। जिसकी वजह से टी-शर्ट पुरानी और बेकार दिखने लगती है। ऐसे में ज्यादातर लोग नई टी-शर्ट खरीदने की सोचने लगता है। लेकिन कुछ आसान तरीकों की मदद से आप इसी ढीली टी-शर्ट को पहले जैसा करने की कोशिश कर सकते हैं।
अगर आपकी फेवरेट टी-शर्ट का कॉलर ढीला हो गया है और उसे दोबारा पहनना चाहते हैं, तो यहां दिए गए कुछ आसान तरीकों को अपना सकते हैं।
सिलाई से करें ठीक
टी-शर्ट का कॉलर अगर ढीला हो जाए, तो उसे खराब समझने की जगह दोबारा से ठीक किया जा सकता है। इसके लिए सबसे आसान तरीका सुई धागा है। जिसकी मदद से कॉलर को सही किया जा सकता है। इसके लिए सुई में थोड़ा सा मोटा धागा डालें और कॉलर के अंदर एक साइड से धागा डालें और दूसरी तरफ से निकाल लें। अब इसे हल्का सा खींचकर गांठ लगा दें।
गर्म पानी का इस्तेमाल
सबसे पहले कॉलर को रबर बैंड की मदद से बांध लें। अब एक बर्तन में पानी गर्म करें। जब पानी उबलने लगे तो इसमें ध्यान से सिर्फ कॉलर वाले हिस्से को करीब 1 मिनट तक डुबोएं। इसके बाद टी-शर्ट को धूप में सुखाएं। इस तरह आप खिंचे हुए कॉलर को ठीक कर सकते हैं।
प्रेस की मदद से करें सही
पानी और प्रेस की मदद से कॉलर को पहले जैसा किया जा सकता है। इसके लिए स्प्रे बोतल में पानी भर लें और इसे कॉलर पर हल्का-हल्का स्प्रे करें। अब कॉलर को हल्के हाथों से प्रेस करें या स्टीम आयरन का इस्तेमाल करें। इससे कॉलर को बेहतर आकार देने में मदद मिल सकती है।
धोने का तरीका हो सकता है जिम्मेदार
गलत तरीके से धुलाई करने पर भी टी-शर्ट का कॉलर ढीला पड़ सकता है। अक्सर लोग कॉलर को रगड़कर साफ करते हैं जिसकी वजह से वह कुछ समय बाद ढीला होने लगता है। अगर आप टी-शर्ट को लंबे समय तक हैंगर पर टांगकर सुखाते हैं, तो इससे भी कॉलर पर असर पड़ सकता है। ऐसे में किसी सपाट सतह पर टी-शर्ट को धोकर सुखाएं। कॉलर को साफ करने के लिए सॉफ्ट लिक्विड डिटर्जेंट का इस्तेमाल करें और ब्रश से हल्के हाथों से सफाई करें। इससे कॉलर लंबे समय तक सुरक्षित रह सकता है।
