चिया सीड्स को डाइट में शामिल करना चाहते हैं, लेकिन कंफ्यूजन है कि गर्मी में इसका सेवन कैसे किया जाए, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। चिया सीड्स की पुडिंग और स्मूदी से लेकर सलाद और स्टिर-फ्राई तक विकल्प अनगिनत हैं। यहां हम आपको ऐसे ही कुछ हेल्दी समर ड्रिंक्स, स्नैक्स से लेकर कई ऐसे तरीके बताएंगे जो न केवल स्वादिष्ट होंगे बल्कि आपको पोषण भी भरपूर मिलेगा।
गर्मियों में शरीर को हाइड्रेशन और सही पोषण की जरूरत होती है। तेज धूप में देर तक रहने और पसीना ज्यादा आने की वजह से शरीर जल्दी थकने लगता है। चिया सीड्स उन्हीं सुपरफूड्स में से एक हैं, जिन्हें गर्मियों में खाना काफी फायदेमंद माना जाता है। ये पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता है। चिया सीड्स ओमेगा-3 फैटी एसिड, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट और प्लांट-बेस्ड प्रोटीन से भरपूर होते हैं। तो क्यों न रसोई में कुछ नया करें और चिया सीड्स को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं।
पहले जानें गर्मियों में चिया सीड्स को भिगोना क्यों है जरूरी?
भीगे हुए चिया बीज गर्मियों में विशेष रूप से फायदेमंद होते हैं क्योंकि ये शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखने में मदद करते हैं। भीगने पर, चिया बीज एक जेल जैसी परत बना लेते हैं जो पानी को सोख लेती है, जिससे पूरे दिन धीरे-धीरे और लगातार हाइड्रेशन बना रहता है।
स्मूदी बूस्टर
गर्मी में चिया सीड्स को डाइट में शामिल करना चाहते हैं तो आप स्मूदी बूस्टर बना सकते हैं। इसके लिए आम, केला और बेरीज जैसे फलों को दही या नारियल पानी के साथ ब्लेंड करें। इसके बाद एक चम्मच भीगे हुए चिया सीड्स डालें। मिक्स करें।
चिया सीड ओटमील
सुबह नाश्ते में अगर आप ओटमील खाते हैं तो इसमें भी चिया सीड्स मिला सकते हैं। ओटमील तैयार करें और परोसने से ठीक पहले उसमें एक चम्मच चिया सीड्स डालकर मिला लें। इसमें आप बेरीज, मेवे और थोड़ा सा शहद डालें।
चिया सीड जैम
अगर आप जैम खाने के शौकिन हैं तो घर पर चिया सीड जैम बना सकते हैं। एक सॉस पैन में ताज़ी या फ्रोजन बेरीज डालें। फिर चिया सीड्स और अपनी पसंद का कोई भी मीठा पदार्थ जैसे कि एगेव सिरप मिलाएं। धीमी आंच पर पकाएं जब तक कि यह गाढ़ा होकर जैम जैसा न हो जाए।
चिया सीड सलाद ड्रेसिंग
गर्मियों में आप चिया सीड्स की ड्रेसिंग भी बना सकते हैं। इसके लिए चिया सीड्स को जैतून के तेल, सिरका , नींबू के रस, लहसुन और अपनी पसंद के मसालों के साथ मिलाएं।
चिया सीड एनर्जी बार
चिया सीड्स से आप एनर्जी बार बना सकते हैं। चिया सीड्स को ओट्स, नट बटर, शहद और सूखे मेवों के साथ मिलाएं। मिश्रण को बेकिंग डिश में दबाकर फैलाएं और जमने तक फ्रिज में रखें।
चिया सीड आइस पॉप्स
चिया सीड्स को अपने पसंदीदा फलों के रस के साथ मिलाकर आइस पॉप्स बना सकते हैं । मिश्रण को आइस पॉप मोल्ड्स में डालें और जमने तक फ्रीज करें।
Disclaimer: “यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से योग्य पेशेवर राय का विकल्प नहीं है। चिया सीड्स का सेवन हर व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य स्थिति और डाइट जरूरतों के अनुसार अलग असर दिखा सकता है। अगर आपको किसी तरह की एलर्जी, पाचन संबंधी समस्या, लो ब्लड प्रेशर, डायबिटीज या कोई गंभीर बीमारी है, तो डाइट में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशन एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
