जहां बरसात का मौसम तपती गर्मी से राहत दिलाता है, तो वहीं यह अपने साथ कई परेशानियां भी लेकर आता है। इन्हीं में से एक है बारिश में भीग जाना। कई बार स्कूल, दफ्तर या सफर करते समय बारिश के पानी से सिर से लेकर पैर तक भीग जाते हैं। कपड़े तो कुछ घंटों में सूख जाते हैं लेकिन जूतों को सुखाने में कई दिन लग जाते हैं। इस मौसम में धूप भी कम निकलती है और हवा में नमी के चलते जूते जल्दी सूख नहीं पाते।

खासकर जो लोग चमड़े के जूते पहनने हैं, उन्हें बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अगर चमड़े के जूतों की सही तरीके से देखभाल न की जाए तो पानी के चलते यह जल्दी खराब हो सकता है। आइए जानते हैं इस मौसम में जूतों की देखभाल कैसे करें और भीग जाने पर किस तरह सुखाएं।

इन गलतियों से खराब हो सकता है लेदर

अक्सर लोग भीगे चमड़े के जूतों को तेज धूप में रख देते हैं ताकि वे जल्दी सूख जाएं। लेकिन तेज धूप के चलते चमड़े के जूते सख्त हो सकते हैं, उनमें दरारें पड़ सकती हैं और रंग भी फीका पड़ सकता है। इसके अलावा कुछ लोग जल्दी सुखाने के लिए हेयर ड्रायर, हीटर या ब्लोअर का इस्तेमाल करते हैं। यह तरीका भी लेदर के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है। इससे चमड़ा सिकुड़ सकता है। इसके साथ ही जूते भीग जाने पर उन्हें घंटों तक गीला भी नहीं छोड़ना चाहिए, इससे उनमें बदबू आने लगती है और फफूंदी लगने का भी खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि भीगे हुए चमड़े के जूतों को सही तरीके से कैसे सुखाएं।

पहला तरीका

अगर बारिश में चमड़े के जूते भीग जाएं तो उन्हें अखबार या टिश्यू पेपर की मदद से सुखाया जा सकता है। इसके लिए जूते के अंदर अखबार, टिश्यू पेपर या पेपर टॉवल भरकर कुछ देर के लिए छोड़ दें। ये अंदर की नमी को तेजी से सोखने का काम करते हैं और जूते का आकार भी बना रहता है। अगर पेपर ज्यादा गीला हो जाए, तो उसे बदलकर नया पेपर भर दें।

दूसरा तरीका

अगर चमड़े के जूते हल्के गीले हैं, तो उन्हें तुरंत बंद रैक या बॉक्स में न रखें। कुछ घंटों के लिए खुली और हवादार वाली जगह पर रख दें, ताकि जूतों के अंदर मौजूद नमी सूख जाए। ध्यान रखें कि जूतों को तेज धूप वाली जगह पर न रखें।

सूखने के बाद करें ये काम

जब चमड़े के जूते पूरी तरह सूख जाएं, तब उन पर अच्छी गुणवत्ता का लेदर कंडीशनर या लेदर क्रीम लगा दें। इससे चमड़े की नमी बनी रहती है, उसकी चमक वापस आती है और लेदर के फटने या कठोर होने का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है। इसके अलावा समय-समय पर अच्छी क्वालिटी की शू पॉलिश लगाने से चमड़े की चमक बनी रहती है।

पानी से कैसे बचाएं

वैसे तो बारिश के मौसम में चमड़े के जूते पहनने से बचना चाहिए। लेकिन फिर भी आप किसी कारण पहन रहे हैं, तो इस पर वाटरप्रूफ प्रोटेक्टिव स्प्रे लगा लें। इससे जूतों को हल्की बारिश और नमी से बचाने में मदद मिलती है।

Also Read
मानसून में जूतों की बदबू से हैं परेशान, दूर करने के लिए अपनाएं ये 3 तरीके