हर व्यक्ति चाहता है कि लोग उसे पसंद करें, उसकी मौजूदगी दूसरों पर सकारात्मक असर छोड़े। लेकिन इसके लिए सिर्फ अच्छी पर्सनैलिटी, महंगे कपड़े या बेहतरीन लुक्स ही काफी नहीं होते। कई बार कुछ लोग बिना ज्यादा बोले भी सबका ध्यान अपनी ओर खींच लेते हैं। इसकी वजह होती है उनकी ऑरा यानी वह पॉजिटिव एनर्जी, जो उनके व्यवहार, सोच और आदतों से झलकती है। अच्छी बात यह है कि एक आकर्षक ऑरा जन्मजात नहीं होती, बल्कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतों से विकसित की जा सकती है। आइए जानते हैं ऐसे 5 तरीके, जो आपकी ऑरा को और भी प्रभावशाली बना सकते हैं।
हर किसी को खुश करने की कोशिश छोड़ दें
अगर आप हर समय लोगों की मंजूरी पाने या उन्हें खुश करने में लगे रहते हैं, तो आपकी असली पहचान कहीं खो जाती है। अपनी बात ईमानदारी और सम्मान के साथ रखना, अपनी पसंद-नापसंद को स्वीकार करना और खुद के प्रति सच्चे रहना आपको अधिक आकर्षक बनाता है। लोग बनावटीपन से ज्यादा ट्रू पर्सनैलिटी को पसंद करते हैं।
मुश्किल परिस्थितियों में भी शांत रहना सीखें
हर छोटी बात पर गुस्सा या तनाव दिखाने से आसपास का माहौल भी प्रभावित होता है। वहीं, जो लोग कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और संतुलन बनाए रखते हैं, उनकी मौजूदगी दूसरों को सुकून देती है। इमोशनली मजबूत और शांत स्वभाव वाले लोगों की ऑरा अक्सर सबसे अलग नजर आती है।
सामने वाले को महसूस कराएं कि वह आपके लिए मायने रखता है
आज के समय में जब ज्यादातर लोग मोबाइल में व्यस्त रहते हैं, किसी की बात ध्यान से सुनना एक बड़ी खूबी बन गई है। बातचीत के दौरान पूरा ध्यान देना, बीच में टोके बिना सुनना और उनकी कही हुई बातों को याद रखना सामने वाले को खास महसूस कराता है। लोग अक्सर शब्दों से ज्यादा उस एहसास को याद रखते हैं, जो उन्हें किसी के साथ बातचीत के दौरान मिला हो।
कॉन्फिडेंस बनें, लेकिन दिखावा न करें
कॉन्फिडेंस और घमंड में बहुत फर्क होता है। जिन लोगों को अपनी काबिलियत पर भरोसा होता है, उन्हें बार-बार खुद को साबित करने या अपनी उपलब्धियों का प्रदर्शन करने की जरूरत नहीं पड़ती। शांत और एफर्टलेस सेल्फ-कॉन्फिडेंस लोगों को स्वाभाविक रूप से आकर्षित करता है और आपकी ऑरा को मजबूत बनाता है।
लोगों को पहले से बेहतर महसूस कराएं
एक सच्ची तारीफ, किसी की सफलता पर दिल से खुशी जताना, धन्यवाद कहना या किसी का हालचाल पूछ लेना, ये छोटे-छोटे कदम किसी के दिन को बेहतर बना सकते हैं। जो लोग दूसरों को सम्मान, अपनापन और पॉजिटिविटी का एहसास कराते हैं, उनकी मौजूदगी लंबे समय तक याद रहती है। यही आदत आपकी ऑरा को सबसे अलग बनाती है।
Also Read
अक्सर महिलाओं को कमिटमेंट से भागने वाले पुरुष क्यों आते हैं पसंद, एक्सपर्ट ने बताई इसकी असली वजह
