कटहल अपने स्वाद के लिए पसंद किया जाता है। हालांकि, कई लोग इसे इसलिए नहीं बनाते हैं, क्योंकि इसे छीलना मुश्किल होता है और इसका चिपचिपा दूधिया रस काटते समय हाथों, चाकू और किचन स्लैब पर जम जाता है, जिससे इसे साफ करना एक बड़ी चुनौती बन जाता है।
वहीं, कई लोग इसी परेशानी के कारण घर पर कटहल बनाने से बचते हैं। हालांकि, सही तरीका और कुछ आसान उपाय से कटहल काटना बिल्कुल भी मुश्किल नहीं होता है। ऐसे में हम आपको कटहल को काटने के कुछ सिंपल उपायों के बारे में बताएंगे, जिन्हें आप फॉलो कर सकते हैं।
सरसों के तेल का करें उपयोग
कटहल काटने के लिए सबसे पहले इसकी तैयारी करना बहुत जरूरी होता है। ऐसे में अपने हाथों, चाकू और कटिंग बोर्ड पर अच्छी तरह सरसों का तेल या नारियल तेल लगा लें। दरअसल, तेल की परत चिपचिपे रस को सतह पर चिपकने से रोकती है, जिससे सफाई करना आसान हो जाता है।
दो हिस्सों में करें कट
कटहल को काटने के लिए पहले उसे बीच से लंबाई में दो हिस्सों में काट लें। हालांकि, चाकू से काटते समय उस पर पहले ही हल्का सा तेल लगा लें। अब आपको कटहल के अंदर सफेद रेशे और बीच में मोटा हिस्सा दिखाई देगा। इसे निकाल लें। इसके बाद पीले फलों को एक-एक करके अलग करें। अंत में हर फांक से बीज निकाल लें।
उबाल कर हटाएं छिलका
कटहल के छिलके को आप उबाल कर भी हटा सकते हैं। दरअसल, कटहल को उबालने के बाद इसका छिलका नरम हो जाता है और चिपचिपाहट भी कम हो जाती है, जिससे इसे छीलना आसान हो जाता है।
हाथों से कैसे हटाएं कटहल की चिपचिपाहट?
कटहल काटने के बाद बर्तनों और हाथों पर लगी चिपचिपाहट हटाने के लिए आप तेल का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए पहले हाथों पर थोड़ा तेल लगाएं और कुछ देर तक मलें। इसके बाद साबुन से हाथ धो लें। इससे गोंद जैसा रस आसानी से निकल जाएगा।
