बालों की सही तरह से देखभाल करने के लिए कंघी करना बहुत जरूरी होता है। हालांकि, सही तरीके से बालों में कंघी न करने से यह बालों के झड़ने की एक बड़ी वजह बन सकती है। अधिकतर लोग रोज कंघी तो करते हैं, लेकिन वे इस दौरान कुछ ऐसी गलतियां भी करते हैं, जिनसे बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं। ऐसे में हम आपके लिए यहां 3 ऐसी गलतियों के बारे में बता रहे हैं, जिनसे बाल झड़ने लगते हैं।

जोर-जोर से कंघी न करें

कई लोग नहाने के तुरंत बाद गीले बालों में जोर-जोर से कंघी करने लगते हैं। दरअसल, गीले बाल सबसे अधिक कमजोर होते हैं और उनमें जोर-जोर से कंघी करने पर वे अधिक टूटते हैं। ऐसे में बालों में कंघी करने से पहले उन्हें हल्का सूखने दें और फिर चौड़े दांतों वाली कंघी से धीरे-धीरे सुलझाएं।

गलत कंघी का उपयोग न करें

अधिकतर लोग बाल झाड़ते समय गलत कंघी का उपयोग करते हैं। कई लोग प्लास्टिक की नुकीली या बहुत पतले दांतों वाली कंघी से बाल झाड़ते हैं। इससे स्कैल्प पर खरोंच आने का खतरा बना रहता है और बालों की जड़ें भी कमजोर हो जाती हैं। ऐसे में बाल झाड़ने के लिए हमेशा लकड़ी की कंघी या चौड़े दांतों वाली कंघी का उपयोग करना बेहतर होता है।

उलझे बालों को जबरदस्ती सुलझाना

कई बार लोग कंघी करते समय उलझे बालों को जबरदस्ती सुलझाते हैं। दरअसल, उलझे हुए बालों में जोर-जोर से कंघी करने से बाल टूटने का खतरा अधिक रहता है। सही तरीका यह है कि पहले बालों के सिरों से कंघी शुरू करें और धीरे-धीरे ऊपर की ओर आएं। इससे गांठें आसानी से खुल जाती हैं और बालों को नुकसान भी नहीं होता है।