घर की साफ-सफाई के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान किचन और बाथरूम में दिया जाता है। इनकी सफाई हमारी सेहत और हाइजीन से जुड़ी होती है। हालांकि सफाई के बाद भी अगर कोई चीज गंदी दिखती है, तो पूरी मेहनत पर पानी फिर सकता है। टॉयलेट सीट पर जमने वाले जिद्दी पीले दाग भी ऐसे ही होते हैं। जिन्हें कई बार क्लीनर से साफ करने के बाद भी निशान रह जाते हैं। इससे टॉयलेट सीट दिखने में गंदी लगती है। साथ ही ये जिद्दी दाग बैक्टीरिया और बीमारियों के पनपने का कारण बन सकते हैं।
बाथरूम की साफ-सफाई में सबसे ज्यादा ध्यान टॉयलेट सीट को चमकाने पर दिया जाता है। नियमित सफाई न करने, खारे पानी और यूरिक एसिड की वजह से टॉयलेट सीट गंदी और पीली नजर आ सकती है। कई बार क्लीनर भी इन दागों को साफ नहीं कर पाता है। ऐसे में घरेलू तरीके आपकी मदद कर सकते हैं। अगर आप भी टॉयलेट सीट के जिद्दी दागों से परेशान हैं, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। दरअसल हम आपको एक ऐसा तरीका बताने जा रहे हैं, जिसकी मदद से टॉयलेट सीट को आसानी से साफ किया जा सकता है।
दाग साफ करने के लिए सामग्री
बोरेक्स पाउडर- 1 कप
नींबू का रस/ विनेगर – 1/4 कप
इस तरह करें सफाई
गंदी टॉयलेट सीट को साफ करने के लिए सबसे पहले एक बाउल में बोरेक्स पाउडर और नींबू का रस या विनेगर को अच्छी तरह मिक्स करके घोल तैयार कर लें। अब टॉयलेट सीट पर इस घोल को चारों तरफ अच्छी तरह फैलाएं। ऐसे करते समय आप हाथों में गलव्स जरूर पहनें। अब लगभग 20 मिनट तक इस मिश्रण को सीट पर लगाकर छोड़ दें। इससे दागों को साफ करने में आसानी होगी। अब ब्रश की मदद से टॉयलेट सीट को अच्छी तरह रगड़ें। अब फ्लश करें और पानी से टॉयलेट सीट को साफ करें।
नींबू में प्राकृतिक ब्लीचिंग गुण होते हैं, जिसकी वजह से यह जिद्दी दागों को हटाने में मददगार साबित हो सकता है। वहीं बोरेक्स पाउडर में एंटीबैक्टीरियल और एंटीमाइक्रोबियल गुण पाए जाते हैं, जो दाग-धब्बों को हटाने के साथ-साथ बैक्टीरियल और फंगस को भी खत्म कर सकता है। दोनों ही सफाई के लिए बेहतरीन घरेलू नुस्खा माने जाते हैं।
टॉयलेट सीट को साफ रखने का तरीका
टॉयलेट सीट का रोजाना इस्तेमाल होता है, जिसकी वजह से इस जल्दी दाग लग सकते हैं। ऐसे में नियमित सफाई टॉयलेट सीट की चमक को बरकरार रखने में मदद कर सकती है। इस घरेलू तरीके को आप हफ्ते में एक या दो बार अपना सकती हैं। इससे सफाई के साथ-साथ टॉयलेट सीट से बदबू भी दूर हो सकती है। इस्तेमाल करने के बाद हमेशा टॉयलेट सीट का ढक्कन बंद करके फ्लश करें। इसके अलावा सफाई करते समय कमोड़ के अंदर और किनारों को साफ करना न भूलें।
डिस्केमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें। बोरेक्स पाउडर एक रासायनिक पदार्थ है, जिसका इस्तेमाल सावधानी के साथ करें। बच्चों और पालतू जानवरों की पहुंच से दूर रखें।
