Cleaning Tips: जब भी हम नया पेंट करवाते हैं, तो दीवारें चमक उठती हैं। ऐसा लगता है कि घर अभी-अभी बना है। लेकिन समय के साथ कई कारणों से दीवार पर दाग या जिद्दी निशान पड़ जाते हैं, जिन्हें कई बार साफ करते समय पेंट भी उखड़ सकता है। हालांकि इन दागों को साफ करने के लिए हर बार पेंट का इस्तेमाल करना मुमकिन नहीं होता। साथ ही ऐसा करने में काफी पैसे भी खर्च होते हैं। ऐसे में दीवार पर लगे दाग को साफ करने के लिए घरेलू तरीका मददगार साबित हो सकता है। इससे दीवार पर लगे दागों को साफ करने और घर को खूबसूरत बनाने में मदद मिल सकती है। अगर आप भी इसी तरह का तरीका खोज रहे हैं, तो यह आर्टिकल आपके काम आ सकता है।

दीवार पर निशान लगने का कारण

मानसून के दौरान अक्सर सीलन की वजह से दीवारें नम हो जाती हैं, जिससे धब्बे बन जाते हैं। लंबे समय तक नमी या वेंटिलेशन की वजह से भी दीवारों पर हल्के भूरे या काले रंग के फफूंद के धब्बे पड़ सकते हैं। किचन की दीवारें भी धुआं, तेल की चिकनाई और मसालों की वजह से गंदी दिखने लगती हैं। कई बार ऐसा होता है कि घर में मौजूद छोटे बच्चे भी पेन या पेंसिल से दीवारों पर ड्राइंग बनाने लग जाते हैं। इसके अलावा भी दीवारों पर कई कारणों से निशान या दाग लग सकते हैं। जिन्हें साफ करना कई बार मुश्किल का काम लगता है।

अगर आप दिवाली की साफ-सफाई कर रहे हैं, तो घर की दीवारों को भी चमकाएं। हर बार जरूरी नहीं है कि पेंट की मदद से ही दीवारों को नया और साफ दिखाया जाए। इसके लिए आप यहां बताए गए आसान तरीके की मदद ले सकते हैं। आइए जानते हैं दीवार पर लगे दाग को साफ करने का आसान तरीका।

सफाई के लिए जरूरी सामग्री

विनेगर
गरम पानी
लेमन एसेंशियल ऑयल
माइक्रोफाइबर कपड़ा

इस तरह बनाएं घोल

इस घोल को बनाने के लिए एक बाउल में 2 कप सफेद विनेगर को गरम पानी में मिलाएं। खुशबू के लिए इसमें कुछ बूंदें लेमन एसेंशियल ऑयल की डाल दें। यह तेल नींबू के छिलकों से निकाला जाता है। आमतौर पर कीटाणुओं और सफाई के लिए इसका इस्तेमाल किया जाता है। अब एक छोटी बाल्टी में पानी भर लें। इसके अंदर तैयार किया मिश्रण डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब माइक्रोफाइबर कपड़े की मदद से दीवार पर लगे दाग और जिद्दी निशान को साफ करें। इस तरह दीवारों पर लगे दाग को साफ करने में मदद मिल सकती है। अंत में खिड़की दरवाजों को खोल दें ताकि धूप और हवा से दीवार सूख जाए।

इस तरह बिना पेंट की मदद के दीवारों पर लगे दाग और जिद्दी निशान को आप साफ कर सकते हैं। इस तरह गैस के पीछे की दीवार को भी साफ किया जा सकता है क्योंकि सबसे ज्यादा चिकनाई और गंदगी किचन की दीवारों पर ही नजर आती है।

इस घरेलू तरीके की मदद से दीवारों को साफ और नेचुरली फ्रेश रखा जा सकता है। इस तरीके की मदद से दीवार की गंदगी और दाग को साफ करने में मदद मिल सकती है। साथ ही यह दीवारों से आने वाली हल्की बदबू को भी दूर करने में मदद कर सकता है। दिवाली की साफ-सफाई के दौरान आप दीवारों को इस तरीके से खूबसूरत और चमकदार बना सकते हैं।