देश के कई हिस्सों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिसके साथ ही गर्मी ने धीरे-धीरे अपनी दस्तक देनी शुरू कर दी है। ऐसे में कई घरों में फ्रिज के साथ-साथ अब मिट्टी के मटकों की भी वापसी होने लगी है।

वहीं, कई लोग तो पुराने मटके में ही पानी स्टोर करने लगते हैं। नया मटका लाने के बाद इसे सही से क्लीन करना बहुत जरूरी होता है। ऐसे में अगर आप भी पानी ठंडा करने के लिए मार्केट से नया मटका लेकर आने वाले हैं, तो इसे सही तरह से जरूर साफ करें।

सादा पानी में भिगोकर रखें

अगर आप मार्केट से नया मटका खरीदकर ला रहे हैं, तो उसे पहले साफ पानी से जरूर धो लें। अच्छी तरह धोने के बाद उसमें पानी भरकर करीब एक दिन के लिए ऐसे ही रख दें। आप पानी को दो-तीन बार बदल भी सकते हैं। इससे मटके की मिट्टी में मौजूद अतिरिक्त धूल और कच्ची गंध काफी हद तक निकल जाती है। भिगोने के बाद उसे दोबारा साफ पानी से धोकर सूखा लें। इस तरह मटका पीने का पानी रखने के लिए तैयार हो जाएगा।

नमक से करें क्लीन

मटके की अंदरूनी सतह को साफ करने के लिए आप हल्के नमक का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए एक बाल्टी गुनगुने पानी में एक बड़ा चम्मच नमक मिलाएं। इस पानी को मटके में डालकर 5-6 घंटे के लिए छोड़ दें। इसके बाद मुलायम ब्रश या साफ कपड़े से हल्के हाथों से अंदर की सतह को अच्छी तरह रगड़ लें। इससे गंध और बैक्टीरिया काफी हद तक कम हो जाते हैं।

सिरका या नींबू का प्रयोग

अगर मटके से अधिक गंध आ रही है, तो आप इसे सिरका या नींबू से आसानी से साफ कर सकते हैं। इसके लिए एक बाल्टी पानी में 2-3 चम्मच सफेद सिरका या दो नींबू का रस मिलाकर मटके में डालें। इसे कुछ घंटों के लिए छोड़ दें। अंत में मटके को दो-तीन बार साफ पानी से क्लीन कर लें।