घर में कई ऐसे सामान होते हैं, जिनकी नियमित सफाई नहीं हो पाती है। लोहे की अलमारी भी उन्हीं में से एक है, जिसका इस्तेमाल ज्यादातर लोग कपड़े और जरूरी सामान रखने के लिए करते हैं। रोजाना बार-बार खोलने और बंद करने की वजह से इसकी सतह पर हाथों के निशान, धूल, जंग के दाग और अन्य धब्बे जमा होने लगते हैं।

शुरुआत में ये दाग मामूली लगते हैं, इसलिए अक्सर लोग इन्हें नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन समय के साथ गंदगी की परत सख्त हो जाती है, जिससे दाग-धब्बों को साफ करना काफी मुश्किल हो जाता है। हालांकि, कुछ आसान घरेलू उपाय हैं जिनकी मदद से आप लोहे की अलमारी पर लगे दाग-धब्बों को आसानी से साफ कर सकते हैं।

1- सिरका और पानी का नुस्खा

सफेद सिरके की मदद से भी लोहे की अलमारी पर जमे हल्के दाग, उंगलियों के निशान और गंदगी को हटाया जा सकता है। इसके लिए एक स्प्रे बोतल में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और पानी मिला लें। इस मिश्रण को दाग वाली जगह पर स्प्रे करके 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद मुलायम स्पंज या साफ सूती कपड़े से हल्के हाथों से रगड़ते हुए साफ कर दें। इसके बाद सूखे कपड़े से अलमारी को पोंछ दें। इससे काफी हद तक दाग-धब्बे साफ हो सकते हैं और अलमारी की चमक भी वापस आ सकती है।

2- बेकिंग सोडा

लोहे की अलमारी पर लगे पुराने जिद्दी दागों को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा असरदार नुस्खा साबित हो सकता है। इसके लिए 2-3 चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा सा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को दाग वाली जगह पर लगाकर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद मुलायम स्पंज या कपड़े से हल्के हाथों से रगड़ते हुए साफ करें। फिर साफ पानी से गीला कपड़ा लेकर पेस्ट को अच्छी तरह साफ करें और अंत में सूखे कपड़े से पोंछ दें। इससे अलमारी पर लगे तेल के निशान भी साफ हो सकते हैं।

3- साबुन से कर सकते हैं साफ

अगर लोहे की अलमारी पर सामान्य गंदगी और धूल जमी है, तो इसे आप साबुन के घोल से भी साफ कर सकते हैं। इसके लिए एक बाल्टी में गुनगुना पानी डाल लें। अब इसमें लिक्विड डिशवॉश या माइल्ड लिक्विड साबुन की कुछ बूंदें मिला दें। मुलायम कपड़े को इस घोल में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें। अब पूरी अलमारी को ऊपर से नीचे तक साफ करें। जरूरत पड़ने पर स्पंज से थोड़ा रगड़ भी सकते हैं। इसके बाद साफ पानी से हल्के गीले कपड़े से साफ करें फिर सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ दें।

Also Read
घर का मंदिर हो गया है गंदा, जालियों में जमी गंदगी की इस तरह करें सफाई