Kitchen Cleaning Tips: किचन में कुछ चीजें ऐसी होती हैं, जिनका इस्तेमाल रोजाना किया जाता है। हाइजीन और सेहत के लिए इनका साफ रहना जरूरी है। यही वजह है हम अक्सर खाना बनाने के बाद किचन को साफ करते हैं। इसमें बर्तनों के अलावा गैस स्टोव भी शामिल है। गैस स्टोव पर रोजाना खाना बनाया जाता है। जिसकी वजह से इस पर धूल, मिट्टी, आटा, नमी, तेल और मसाले गिर जाते हैं। नमी के संपर्क में आते ही गैस स्टोव के ऊपर चिकनाई और गंदगी की परत दिखने लगती है। खासकर कांच के गैस स्टोव जल्दी गंदे दिखने लगते हैं। जिसे साफ करने के लिए हार्श केमिकल या स्क्रबर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

कांच का गैस स्टोव दिखने में काफी सुंदर लगता है। यही वजह है ज्यादातर लोग इसे अपनी किचन में इस्तेमाल करते हैं। हालांकि इसकी साफ-सफाई करना भी उतना ही मुश्किल काम है। स्क्रबर या जल्दबाजी में इसे साफ करने पर खरोंच आ सकती है। जिससे यह दिखने में खराब लग सकता है। ऐसे में इसे साफ करने के लिए यहां बताया गया तरीका मददगार साबित हो सकता है।

साफ करने के लिए सामग्री

बेकिंग सोडा
सफेद सिरका
डिशवॉश लिक्विड
गुनगुना पानी
माइक्रोफाइबर कपड़ा
स्प्रे बोतल

सबसे पहले गैस स्टोव को करें साफ

रोजाना खाना बनने की वजह से गैस स्टोव के ऊपर तेल, मसाले, आटा, चिकनाई और नमी की वजह से गंदगी जमा होने लगती है। ऐसे में सबसे पहले इसे साफ करने के लिए माइक्रोफाइबर कपड़ा लें। इसकी मदद से कांच की ऊपरी सतह को अच्छी तरह साफ करें। इससे धूल-मिट्टी, नमी और चिकनाई काफी हद तक कम हो सकती है। वहीं अगर आप माइक्रोफाइबर कपड़े की जगह साधारण कपड़ा इस्तेमाल करते हैं, तो इससे कांच के ऊपर खरोंच आ सकती है। इसलिए ऐसा करने से बचें। माइक्रोफाइबर कपड़ा एक सिंथेटिक कपड़ा होता है, जो बहुत महीन रेशों से मिलकर बनता है।

सफाई के लिए तैयार करें घोल

कपड़े से गैस स्टोव को साफ करने के बाद इसे अच्छी तरह साफ करने के लिए घोल तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक बाउल में बेकिंग सोडा, सफेद सिरका और कुछ बूंदें लिक्विड डिशवॉश की मिलाएं। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करके घोल तैयार कर लें। इसे स्प्रे बोतल में भर लें। बेकिंग सोडा और सिरका जिद्दी दाग और चिकनाई को बिना ज्यादा रगड़े साफ करने में मदद करते हैं।

घोल लगाएं

अब कांच के गैस स्टोव के ऊपरी सतह पर इस घोल को स्प्रे करें। इसे करीब 5 से 10 मिनट तक लगा रहने दें। ताकि जमी हुई गंदगी ढीली हो जाए और सफाई करने में ज्यादा मेहनत न करनी पड़े। इस घरेलू घोल की मदद से आप चिकनाई और गंदगी को आसानी से साफ कर सकते हैं।

अब माइक्रोफाइबर कपड़े को गुनगुने पानी में भिगोकर अच्छी तरह निचोड़ लें। ध्यान रखें कि पानी ज्यादा गरम न हो, इससे आपके हाथ जल सकते हैं। अब हल्के हाथों से कपड़े को गोल-गोल घुमाते हुए पूरी सतह को साफ करें।

साफ पानी से करें सफाई

घोल को साफ करने के बाद माइक्रोफाइबर कपड़े को दोबारा गुनगुने पानी में भिगोएं और इससे सतह को अच्छी तरह साफ कर लें। अब आखिर में माइक्रोफाइबर कपड़े से स्टोव को पोंछें ताकि वह चमकदार और साफ सुथरा दिखे।

ध्यान रखें ये बातें

कांच के गैस स्टोव को साफ करने के लिए कभी भी स्टील वूल, स्क्रबर या हार्श केमिकल का उपयोग करने से बचें। सफाई के लिए हमेशा माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें। हर बार उपयोग करने के बाद स्टोव को अच्छी तरह पोंछ दें। इससे गंदगी जम नहीं पाती।