कार के शीशों पर हाथ लगाने से अक्सर उंगलियों के निशान, तेल और धूल की हल्की परत जम जाती है। कई बार धुलवाने के बाद भी उंगलियों के निशान रह जाते हैं। इसके साथ ही पार्किंग में खड़ी रहने के दौरान कई बार बच्चे या अन्य व्यक्ति जब शीशों को छूता है, तो उसके उंगलियों का निशान रह जाता है। इससे शीशे गंदे दिखने के साथ-साथ ड्राइविंग के दौरान विजिबिलिटी भी प्रभावित हो सकती है। इन्हें साफ करने के लिए महंगे क्लीनर की जरूरत नहीं है। कुछ आसान तरीके हैं, जिनकी मदद से आप बिना मेहनत और झंझट के शीशों पर पड़े उंगलियों के निशान को साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं:

माइक्रोफाइबर कपड़ा आएगा काम

कार के आगे-पीछे के शीशों और खिड़कियों पर लगे उंगलियों के दाग और धूल को हटाने के लिए माइक्रोफाइबर कपड़ा काम आ सकता है। हालांकि, कपड़ा पूरी तरह सूखा होना चाहिए। कपड़े को हल्के हाथ से पूरे शीशे पर फेरें। अगर शीशे पर पहले से धूल है और आप गीले कपड़े का इस्तेमाल करते हैं, तो धूल फैलने के साथ ही शीशे पर लकीरें पड़ सकती हैं। इसलिए सूखे कपड़े से ही साफ करना ज्यादा प्रभावी माना जाता है।

अखबार वाला तरीका

शीशों को साफ करने के प्रचलित तरीकों में से एक अखबार भी है। चाहे कार के शीशों हों या घर की खिड़कियों और दरवाजों के कांच हों, अखबार की मदद से इन्हेंआसानी से साफ किया जा सकता है। अखबार की मदद से आप कार के शीशों पर लगे हाथों के निशान, हल्की चिकनाई और धब्बों को आसानी से साफ कर सकते हैं। इसमें बहुत ज्यादा मेहनत भी नहीं लगती।

अखबार से साफ करने का तरीका

अगर शीशे पर धूल-मिट्टी जमी है तो सबसे पहले सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से उसे हटा दें। सीधे अखबार से रगड़ने पर धूल शीशे पर खरोंच जैसा असर डाल सकती है। अब एक कप पानी में करीब आधा कप सफेद सिरका मिलाएं और इस घोल को स्प्रे बोतल में भर लें। अगर शीशे पर सिर्फ हल्के हाथों के निशान हैं तो केवल पानी या हल्के ग्लास क्लीनर का इस्तेमाल किया जा सकता है।

अब अखबार की एक-दो शीट को मोड़कर छोटा और पकड़ने लायक बना दें। अब उस पर थोड़ा-सा क्लीनिंग घोल छिड़कें। ध्यान रहे अखबार ज्यादा गीला नहीं होना चाहिए। अब नम अखबार से शीशे को हल्के हाथों से पोंछें। जहां उंगलियों के निशान या चिकनाई ज्यादा है, वहां थोड़ी देर हल्के हाथ से पोंछ सकते हैं। अंत में एक साफ और सूखे अखबार की शीट लें और पूरे शीशे को दोबारा पोंछ दें। इससे बची हुई नमी और हल्की लकीरें हट सकती हैं और बिना मेहनत शीशा चमक सकता है।

अगर शीशे पर हल्के निशान हैं, तो अखबार को हल्का गीला करके भी उन्हें साफ किया जा सकता है। इसके लिए किसी क्लीनर की जरूरत नहीं पड़ती। इस तरह आप बिना किसी झंझट के कार के शीशों पर लगे दागों को आसानी से साफ कर सकते हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कार की सफाई के लिए किसी नए तरीके को अपनाने से पहले वाहन निर्माता की गाइडलाइन जरूर देखें या कार मैकेनिक से संपर्क जरूर करें।

यह भी पढ़ें
दीवाली की सफाई किचन से करें शुरू, इन 7 तरीकों से चमकाएं कोना-कोना