किचन में इस्तेमाल होने वाले टॉवल बहुत जल्दी गंदे और चिपचिपे हो जाते हैं। दरअसल, बार-बार हाथ पोंछने, बर्तन सुखाने और तेल-मसालों के संपर्क में आने से इनमें बदबू भी आ जाती है। वहीं, कई बार टॉवल को नॉर्मल तरीके से धोने पर भी उससे गंदगी और बदबू नहीं जाती है। ऐसे में हम आपके लिए कुछ खास तरह के टिप्स लेकर आए हैं, जिनकी मदद से आप टॉवल को आसानी से साफ कर सकते हैं।
बेकिंग सोडा और विनेगर का करें उपयोग
गंदे और चिपचिपे किचन टॉवल को साफ करने के लिए आप बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले टॉवल को पानी में भिगो दें और उस पर 2 चम्मच बेकिंग सोडा छिड़क दें। कुछ समय बाद उस पर विनेगर डालें। अब टॉवल को अच्छे से साफ कर लें। इससे बदबू और गंदगी दोनों दूर हो जाएंगी।
नमक और गरम पानी का करें उपयोग
आप नमक और गरम पानी से भी किचन टॉवल को आसानी से साफ कर सकते हैं। इसके लिए एक बाल्टी में गरम पानी लें और उसमें 2-3 चम्मच नमक डाल दें। अब इसमें गंदे टॉवल को करीब आधे घंटे तक भिगोकर रखें। इसके बाद हल्के डिटर्जेंट से टॉवल को धो लें। इससे किचन टॉवल आसानी से साफ हो जाएगा और बदबू भी दूर होगी।
धूप में सुखाएं
किचन टॉवल को साफ करने के बाद उसे धूप में जरूर सुखाएं। अगर टॉवल गीले या अधसूखे रह जाते हैं, तो उनमें जल्दी बदबू आने लगती है। हालांकि, किचन टॉवल को रोज उपयोग करने के बाद कुछ समय के लिए धूप में भी रखा जा सकता है। दरअसल, सूरज की किरणें टॉवल को नेचुरल डिसइंफेक्टेंट की तरह काम करती हैं, जिससे बैक्टीरिया भी खत्म हो जाते हैं।
