Air Fryer Cleaning Tips: आजकल घरों में एयर फ्रायर का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। कम तेल में इसकी मदद से कम समय में स्नैक्स से लेकर कई तरह की डिशेज तैयार की जा सकती हैं। हालांकि लगातार इस्तेमाल करने की वजह से एयर फ्रायर के अंदर के हिस्से में गंदगी, तेल, चिकनाई और खाने के बारीक कण जमा हो जाते हैं। जिसकी वजह से यह गंदा दिखने लगता है और इससे बदबू भी आने लगती है। ऐसे में समय-समय पर इसकी सफाई करना जरूरी है। अगर आप भी एयर फ्रायर को साफ करना चाहते हैं तो नीचे दिए गए तरीके की मदद ले सकते हैं। जिससे चिकनाई और गंदगी साफ करने में मदद मिल सकती है।

साफ करने का तरीका

एयर फ्रायर को साफ करने के लिए सबसे पहले उसके अंदर की ट्रे निकाल लें। अगर एयर फ्रायर तुरंत इस्तेमाल किया गया है, तो उसे ठंडा होने के बाद ही साफ करें। चिकनाई हटाने के लिए पहले पेपर टॉवल से इसे साफ करें। अगर एयर फ्रायर बास्केट पर पर तेल या खाने के दाग हैं, तो उसे सबसे पहले गुनगुने पानी और हल्के लिक्विड डिशवॉश में कुछ देर भिगोकर रखें। इसके बाद किसी मुलायम स्पंज की मदद से इसे अच्छे से साफ करें। इसमें नॉन स्टिक कोटिंग होती है जिसकी वजह से इसे साफ करने के लिए कभी भी खुरदरे स्क्रबर या हार्ड ब्रश का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।

गीले कपड़े से करें साफ

एयर फ्रायर के अंदर जमा तेल और खाने की गंदगी को साफ करने के लिए हल्के गीले माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें। अगर कहीं ज्यादा गंदगी जमा हो गई है, तो इसके लिए आप सॉफ्ट स्पंज की मदद ले सकते हैं जिससे धीरे-धीरे दाग साफ किए जा सकते हैं।

ऐसे करें बाहरी हिस्सा साफ

सिर्फ अंदर ही नहीं बल्कि एयर फ्रायर के बाहर भी धूल और उंगलियों के निशान जमा हो सकते हैं। ऐसे में इसे साफ करने के लिए गीले कपड़े का इस्तेमाल किया जा सकता है। बाहरी सतह को गीले कपड़े से साफ करने के बाद सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें जिससे पानी के निशान कम हो सकते हैं।

जब तक एयर फ्रायर पूरी तरह न सूख जाए तब तक इसे इस्तेमाल करने से बचना चाहिए। अगर आप एयर फ्रायर को लंबे समय तक साफ रखना चाहते हैं, तो हर इस्तेमाल के बाद ट्रे और बास्केट को साफ करें।