ऑफिस या फिर स्कूल ले जाने वाली कई टिफिन बॉक्स के ढक्कन में रबर लगी होती है, ताकि वे ठीक से बंद हो जाए। ज्यादातर लोग सिर्फ टिफिन बॉक्स के बाहरी, अंदरूनी हिस्से और ढक्कन को तो अच्छी तरह से साफ कर लेते हैं, लेकिन ढक्कन में लगी रबर की सील पर ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं। ये रबर टिफिन को एयरटाइट बनाए रखने में मदद करती है। लेकिन समय के साथ इसके अंदर खाने के छोटे-छोटे कण, तेल, नमी और अन्य चीजें जमा होने लगती हैं।
समय के साथ ये रबर के अंदर फफूंदी जमने लगती है और ये काले चिपचिपे हो जाते हैं। इसके साथ ही इनमें से दुर्गंध भी आने लगती है। अगर अधिक दिनों तक सफाई न करें तो फफूंदी के साथ बैक्टीरिया और अन्य सूक्ष्मजीव पनप सकते हैं, जो हमारी सेहत पर बेहद ही बुरा असर डालते हैं। हालांकि, कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप इस रबर की सील को आसानी से साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं:
कैसे निकाले रबर की सील
अगर आपके टिफिन के ढक्कन की रबर की सील आसानी से निकल जाती है तो ठीक है नहीं तो चम्मच या फिर हल्की धारदार चीज की मदद से निकाल लें। थोड़ा सावधानी से निकालें क्योंकि रबर कट या टूट सकता है। अब इसे गुनगुने पानी में थोड़ा सा लिक्विड डिशवॉश मिलाकर 15-20 मिनट के लिए भिगो कर रख दें। इससे जमी हुई चिकनाई और गंदगी नरम हो जाती है, जिससे इसकी गंदगी आसानी से साफ हो सकती है।
टूथब्रश से करें सफाई
भिगोने के बाद पुराने टूथब्रश की मदद से रबर के सभी किनारों और खांचों को हल्के हाथों से साफ करें। खासकर जहां गंदगी फंसी हुई है, वहां पर अच्छे से सफाई करें।
बदबू दूर करें
अगर रबर में बदबू आने लगी है या काले धब्बे दिखाई दे रहे हैं, तो बेकिंग सोडा और सफेद सिरके का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए रबर पर थोड़ा बेकिंग सोडा छिड़कें और उसके ऊपर कुछ बूंदें सिरके की डालें। कुछ मिनट बाद ब्रश से साफ करके पानी से धो लें। इससे बदबू और जिद्दी गंदगी दोनों दूर हो सकती हैं। सफाई के बाद रबर और ढक्कन दोनों को अच्छी तरह सूखने दें। नमी रहने पर फफूंदी और बदबू की समस्या दोबारा हो सकती है। पूरी तरह सूखने के बाद ही रबर को वापस लगाएं।
Also Read
मानसून में कपड़ों से आने लगती सीलन की बदबू, अपनाएं ये 3 आसान और असरदार उपाय
