Nakli sabudana kaise pahchane: व्रत में साबूदाने से कई चीजें बनाई जाती हैं। गुप्त नवरात्रि 15 जुलाई 2026 (बुधवार) से शुरू हो गई हैं। वहीं सावन 30 जुलाई, गुरुवार से शुरू हो रहा है। ऐसे में बहुत सारे लोग व्रत रखेंगे। बाजार में मिलने वाले साबूदाने में मिलावट की खबरें आती रहती हैं। ऐसे में आपको पता होना चाहिए कि आप व्रत के लिए जो साबूदाना खरीदकर घर ला रहे हैं वह मिलावटी है या फिर अच्छी क्वालिटी का है। साबूदाना टैपिओका (कसावा) के स्टार्च से तैयार किया जाता है।
इसमें कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इसे जल्दी ऊर्जा देने वाला भोजन माना जाता है। वहीं मिलावटी साबूदाने में सोडियम, हाइपोक्लोराइट, कैलशियम, हाइपोक्लोराइट, ब्लीचिंग, एजेंट, फास्फोरिक, एसिड आदि का इस्तेमाल करके इन्हें बनाया जाता है। बाजार में मिलने वाले सभी साबूदाने की गुणवत्ता एक जैसी नहीं होती। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि साबूदाना खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, सफाई और पैकेजिंग पर ध्यान देना चाहिए। बहुत अधिक चमकदार, असामान्य रूप से सफेद या पॉलिश किया हुआ दिखने वाला साबूदाना खरीदने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए।
खराब गुणवत्ता वाले साबूदाने के संभावित नुकसान
मिलावट साबूदाना खाने से कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। जैसे पेट दर्द, अपच, गैस, उल्टी, दस्त या फूड पॉइजनिंग। अगर किसी खाद्य पदार्थ में प्रतिबंधित या असुरक्षित रसायनों का इस्तेमाल किया गया हो, तो लंबे समय तक उसका सेवन स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकता है। इसलिए साबूदाना खरीदते समय FSSAI लाइसेंस वाले पैक्ड उत्पाद को प्राथमिकता दें। निर्माण और एक्सपायरी तिथि जांचें। ऐसे उत्पादों से बचें जिनका रंग, गंध या बनावट असामान्य लगे।
व्रत के लिए साबूदाना खरीदने से पहले जान लें ये जरूरी बातें
दाने एक जैसे और साबुत होने चाहिए
अच्छी क्वालिटी का साबूदाना आमतौर पर एक समान आकार, रंग और आकार के मोतियों जैसा होता है। पैकेट में बहुत ज्यादा टूटे हुए दाने या पाउडर हो तो उसे खरीदने से बचें। FSSAI के अनुसार साबूदाना साफ, सख्त और एक समान रंग, आकार व स्वाद वाला होना चाहिए।
सफाई पर जरूर ध्यान दें
साबूदाने में धूल, मिट्टी, कीड़े, फफूंदी या कोई बाहरी कण नहीं होने चाहिए। FSSAI के मानकों के अनुसार उत्पाद में कीड़ों का संक्रमण, गंदगी, बाहरी पदार्थ और दिखाई देने वाली फफूंदी नहीं होनी चाहिए।
पैकेट की लेबलिंग चेक करें
यदि पैक्ड साबूदाना खरीद रहे हैं, तो FSSAI लाइसेंस नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और निर्माता की जानकारी जरूर देखें। खुला सामान खरीदने की बजाय विश्वसनीय ब्रांड या भरोसेमंद दुकान से खरीदना बेहतर रहता है।
बहुत ज्यादा चमकदार या असामान्य रंग से बचें
अच्छी क्वालिटी का साबूदाना हल्का सफेद या ऑफ-व्हाइट होता है। यदि दाने असामान्य रूप से चमकदार या रंगे हुए दिखें, तो सावधानी बरतें। FSSAI के मानकों में कृत्रिम रंग की परमिशन नहीं है।
सामग्री पढ़ना न भूलें
FSSAI के अनुसार साबूदाना केवल टैपिओका (कसावा) के स्टार्च से बनता है। यदि किसी उत्पाद को “Sabudana/Tapioca Sago” कहा गया है, तो उसमें किसी अन्य स्टार्च (जैसे मक्का) का उपयोग नहीं होना चाहिए। यदि अलग-अलग स्टार्च का मिश्रण है, तो उसे स्पष्ट रूप से लेबल पर दर्शाना आवश्यक है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। साबूदाने की गुणवत्ता पहचानने के सुझाव FSSAI के गुणवत्ता मानकों और खाद्य सुरक्षा संबंधी सामान्य दिशानिर्देशों पर आधारित हैं। केवल देखकर किसी साबूदाने को मिलावटी घोषित नहीं किया जा सकता। यदि किसी उत्पाद की गुणवत्ता या सुरक्षा को लेकर संदेह हो, तो उसका सेवन करने से बचें और केवल FSSAI लाइसेंस वाले विश्वसनीय ब्रांड या विक्रेता से ही खाद्य पदार्थ खरीदें।
