चेहरे और बालों की देखभाल के साथ-साथ हाथों की त्वचा का ख्याल रखना भी उतना ही जरूरी होता है। कई बार आपने देखा होगा कि बार-बार हाथ धोने, केमिकल प्रोडक्ट्स और नेल पॉलिश रिमूवर का इस्तेमाल करने से नाखूनों और उनके आसपास की त्वचा रूखी हो सकती है। ऐसे में केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल त्वचा को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके लिए आप घरेलू तरीके का इस्तेमाल कर सकती हैं। हालांकि किसी भी घरेलू तरीके का इस्तेमाल करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपको एलर्जी या त्वचा संबंधी समस्या है, तो किसी भी तरीके का इस्तेमाल करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
अगर आप नाखूनों और आसपास की सूखी त्वचा से परेशान हैं, तो यहां बताए गए आसान तरीके को आजमा सकते हैं। इन नुस्खे को इंस्टाग्राम पर डॉ. मदीहा भयानी ने अपने चैनल पर शेयर किया है। उन्होंने बताया है कि इन नुस्खे को अपनाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
पहला तरीका
दिन में नाखूनों और उनके आसपास की त्वचा का ख्याल रखने के लिए जोजोबा तेल और सूरजमुखी का तेल बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इन्हें अक्सर साथ में मिलाकर या अलग-अलग इस्तेमाल किया जाता है। ये तेल त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद कर सकते हैं, जिससे त्वचा रूखी और बेजान नहीं दिखती। इसके लिए एक बाउल में एक-एक चम्मच दोनों तेल को मिक्स कर लें।
दूसरा तरीका
रात के समय नाखूनों और आसपास की त्वचा की देखभाल के लिए घर पर तेल तैयार कर सकती हैं। इसके लिए 1 चम्मच जोजोबा तेल और आधा चम्मच कास्टर ऑयल लें। ये तेल त्वचा को गहराई से मॉइश्चराइज करने में मदद कर सकता है। इससे ड्राई स्किन की समस्या कम हो सकती है।
नाखूनों और आसपास की त्वचा (क्यूटिकल्स) के लिए आप किसी भी एक तेल के मिश्रण का इस्तेमाल कर सकती हैं। इस मिश्रण को आपको गरम करने, एसेंसियल ऑयल या विटामिन कैप्सूल मिलाने की जरूरत नहीं है।
इस्तेमाल करने का तरीका
तैयार किए गए तेल के मिश्रण की एक-एक बूंद को हर नाखून पर डालें। अब आराम से लगभग 30 सेकेंड तक हाथ से क्यूटिकल्स और नाखून के आसपास की जगह की मसाज करें। इस उपाय को रात के समय सोने से पहले करें और रातभर तेल को लगाकर छोड़ दें। आपको हाथों की उंगलियों को तेल के बाउल के अंदर डुबाने की जरूरत नहीं है।
अगर आपकी त्वचा को इससे नुकसान नहीं पहुंच रहा है, तो दिन में एक बार इस उपाय को आजमा सकती हैं। सुबह के समय हाथों को धोने के बाद मॉइश्चराइज जरूर करें। बर्तन धोते या सफाई करते समय हाथों में ग्लव्स पहन लें। इससे हाथों की त्वचा मुलायम बनी रह सकती है।
स्टोर करने का तरीका
इस तैयार किए गए तेल को अच्छी तरह स्टोर करने के लिए साफ, सूखी और टाइट ढक्कन वाली बोतल में रखें। इसे गर्मी और धूप से दूर रखें। इसके ऊपर आप बनाने की तारीख लिख सकते हैं। इसमें इस्तेमाल किए गए तेल की एक्सपायरी डेट का भी ध्यान रखें। अगर इसकी गंध या रंग रूप में बदलाव दिखे तो इसे इस्तेमाल न करें। इसके अलावा बोतल में पानी न जाने दें।
सावधानी
मॉइश्चराइज करने से रूखे क्यूटिकल्स बेहतर हो सकते हैं लेकिन टूटे हुए नाखूनों को ठीक होने में समय लग सकता है। ये मिश्रण लंबे नाखूनों या एक हफ्ते में पूरी तरह ठीक होने की कोई गारंटी नहीं देता है। इसे लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपको जलन या असहजता महसूस हो रही है, तो इसे न लगाएं। अपने क्यूटिकल्स को जबरदस्ती पीछे करने या कट करने की कोशिश न करें। सूजन, दर्द, रंग में लगातार बदलाव दिखे या नाखून अपनी जगह से उठने लगें तो एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी तरह का बदलाव या घरेलू नुस्खा अपनाने से पहले एक बार अपने डॉक्टर या त्वचा विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।
