अंडों का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है। खासकर जिम में पसीना बहाने वाले लोग प्रोटीन के लिए अंडे का सेवन करते हैं। अंडे में विटामिन डी, स्वस्थ वसा और कई जरूरी विटामिन व खनिज पाए जाते हैं। अंडे को लेकर समस्या उबालने में होती है। दरअसल, कई बार उबालने के बाद अंडा को छीलते वक्त उसका सफेद भाग भी छिलके के साथ चिपक जाता है। हालांकि, एक तरीका है जिसकी मदद से आप अंडे को आसानी से छील सकते हैं। आइए जानते हैं।
13 मिनट वाला तरीका
दरअसल, अंडे को भाप में पकाने का यह 13 मिनट वाला तरीका है। इस तरीके में फ्रिज से निकाले हुए ठंडे अंडों को सीधे उबलते पानी के ऊपर रखी स्टीमर बास्केट में रखा जाता है। इसके बाद इसे ढककर करीब 13 मिनट तक भाप में पकाया जाता है। पकने के बाद अंडों को लगभग 15 मिनट के लिए बर्फ मिले ठंडे पानी में डाल दिया जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सच में 13 मिनट तक भाप में पकाने का यह तरीका अंडों को आसानी से छीलने में मदद करता है। इस पर इंडियन एक्सप्रेस की टीम ने KIMS अस्पताल थाने की चीफ डायटिशियन डीटी अमरीन शेख से बातचीत की।
कितना कारगर है यह उपाय
अमरीन शेख के अनुसार, “उबालने की जगह भाप में पकाना एक अच्छा विकल्प है। इसमें मिलने वाली लगातार और समान गर्मी अंडे के सफेद हिस्से को अच्छी तरह और समान रूप से पकाने में मदद कर सकती है। भाप में पकाने के तरीकों पर किए गए परीक्षणों में पाया गया है कि ऐसे अंडों को छीलना आसान हो सकता है, खासकर जब उन्हें पकने के तुरंत बाद ठंडा किया जाए।:
कंसल्टेंट डायटिशियन गरिमा गोयल का कहना है कि इसके पीछे का विज्ञान काफी दिलचस्प है। “जब अंडों को अचानक गर्म भाप के संपर्क में लाया जाता है, तो अंडे के सफेद हिस्से में मौजूद बाहरी प्रोटीन जल्दी पक जाते हैं। इससे पका हुआ सफेद हिस्सा छिलके की अंदरूनी झिल्ली से आसानी से अलग हो जाता है। इस वजह से अंडा छीलते समय उसका सफेद हिस्सा छिलके के साथ चिपककर निकलने की समस्या कम हो सकती है।” यही वजह है कि अंडे को शुरुआत से ही तेज गर्मी देना, चाहे भाप से पकाकर या सीधे गर्म पानी में डालकर, ठंडे पानी से धीरे-धीरे गर्म करने की तुलना में छीलने के लिए बेहतर हो सकता है।
जब अंडों को भाप में पकाया जाता है, तो वे सीधे उबलते पानी में रहने के बजाए गर्म भाप से घिरे होते हैं। डीटी अमरीन शेख का कहना है कि इससे अंडे को काफी समान तापमान वाले वातावरण में पकने में मदद मिलती है। “इससे अंडे के सफेद हिस्से के छिलके की अंदरूनी झिल्ली से बहुत ज्यादा चिपकने की समस्या भी कम हो सकती है। हालांकि, यह अंतर बहुत ज्यादा नहीं होता और अंडे को पकाने का तरीका भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना कि पकाने का माध्यम।”
कैसे आजमाएं यह तरीका
एक बर्तन में करीब एक इंच पानी डालकर उबाल लें और उसके ऊपर स्टीमर बास्केट रख दें। अब फ्रिज से निकाले हुए अंडों को स्टीमर बास्केट में रखें। बर्तन को ढककर करीब 12-13 मिनट तक भाप में पकाएं। इससे अंडे अच्छी तरह और पूरी तरह पक जाएंगे। गरिमा गोयल ने बताया, “अंडे पकने के तुरंत बाद उन्हें करीब 15 मिनट के लिए बर्फ मिले ठंडे पानी में डाल दें। ठंडा पानी अंडों को पकने की प्रक्रिया को रोक देता है और उन्हें जल्दी ठंडा करता है। इससे अंडों को संभालना आसान होता है और वे जरूरत से ज्यादा पकने से भी बच जाते हैं।” हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार हर अंडे के लिए 13 मिनट का समय तय नहीं है। गरिमा गोयल कहती हैं, अंडे का आकार, एक साथ पकाए जा रहे अंडों की संख्या और भाप की गर्मी जैसे कई चीजें जरूरी होती हैं। बहुत बड़े अंडों को थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है, जबकि छोटे अंडे जल्दी पक सकते हैं। अगर आपको अंडे की जर्दी थोड़ी नरम और क्रीमी पसंद है, तो पकाने का समय कम करना चाहिए।
वहीं, ताजे अंडों की तुलना में कुछ पुराने अंडे आसानी से छिल सकते हैं। गोयल के अनुसार, “जैसे-जैसे अंडे पुराने होते हैं, उनके सफेद हिस्से के पीएच में बदलाव होता है। इससे अंडे का सफेद हिस्सा छिलके की अंदरूनी झिल्ली से कम चिपकता है और अंडे को छीलना आसान हो सकता है। इसलिए भाप में पकाने से अंडे आसानी से ढीलने की संभावना बढ़ सकती है, लेकिन अंडे की उम्र और उसकी अन्य विशेषताएं भी परिणाम को प्रभावित कर सकती हैं।” बड़े आकार के अंडों को पूरी तरह पकाने में करीब 12 से 13 मिनट लग सकते हैं।
ध्यान रखें ये बातें
अमरीन शेख के अनुसार, “अंडे ठंडे होने के बाद उनके छिलके को चारों तरफ से हल्के हाथ से तोड़ें और फिर चौड़े हिस्से से छीलना शुरू करें। इस हिस्से में आमतौर पर थोड़ी हवा की जगह होती है, जिससे छिलका आसानी से निकल सकता है। अगर अंडे की झिल्ली चिपकी हुई हो और छीलने में परेशानी हो, तो बहते पानी के नीचे अंडे को छीलना आसान हो सकता है।” सबसे जरूरी है कि हर बार एक ही तरीका बिल्कुल एक जैसा नतीजा देगा, यह जरूरी नहीं है। अंडे कितने ताजे हैं और उनका आकार कितना बड़ा है इससे भी काफी फर्क पड़ सकता है। गरिमा गोयल कहती हैं, पके हुए अंडों को लंबे समय तक कमरे के तापमान पर नहीं छोड़ना चाहिए। पके हुए अंडों को सुरक्षित तरीके से फ्रिज में रखना जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से बातचीत के आधार पर तैयार किया गया है।
यह भी पढ़ें
चावल को दोबारा गर्म करना चाहिए या नहीं, जानें क्या है सही तरीका
