भारत में चावल सबसे अधिक खाए जाने वाले खाद्य पदार्थों में से एक है। अधिकतर लोग इसे दाल, सब्जी या फिर ग्रेवी वाले व्यंजनों के साथ खाना पसंद करते हैं। चावल को बनाने से पहले साफ किया जाता है। लेकिन, काफी लोग ऐसे हैं जिन्हें सही तरह से चावल साफ करने का तरीका नहीं पता है। गलत तरीके से धोया गया चावल कई बार सही से नहीं पकता। चावल को सही तरीके से धोना केवल सफाई के लिए जरूरी नहीं है, बल्कि इससे उसके स्वाद और टेक्शर पर भी असर पड़ता है। ऐसे में आइए जानते हैं चावल को सही तरह से धोने का तरीका क्या है।

चावल की सतह पर मौजूद अतिरिक्त स्टार्च और चिपचिपापन कम करने के लिए इसे धोना जरूरी होता है। ऐसा करने से पकने के बाद चावल खिला-खिला और स्वाद में अच्छा लगता है।

चावल धोने का सही तरीका

सबसे पहले जितने लोगों के लिए चावल बना रहे हैं उतना एक बर्तन, कुकर या बाउल में निकाल लें। इसके बाद चावल में इतना पानी डालें कि चावल पूरी तरह पानी में डूब जाएं। अब हाथों की मदद से चावल को हल्का-हल्का घुमाएं। ध्यान रहे चावल को बहुत ज्यादा जोर से रगड़ना नहीं है। इससे ये टूट सकते हैं। पहला पानी धूल, मिट्टी और अतिरिक्त स्टार्च के कारण धुंधला दिखाई देता है। साफ करने के बाद पानी को पूरी तरह चावल से निकाल दें। अब फिर से पानी डालें और चावल को हल्के हाथों से चलाएं। आमतौर पर 2 से 3 बार धोना पर्याप्त होता है। जब पानी साफ दिखने लगे तो समझ जाएं कि चावल अच्छे से साफ हो गया है।

बनाने से पहले कितने देर तक भिगोना चाहिए

चावल को साफ करने का सबसे आसान तरीका है कि इसे पकाने से पहले कुछ देर के लिए भिगो दें। इससे इसकी गंदगी आसानी से निकल जाती है और साथ ही चावल समान रूप से पकते हैं और दाने लंबे और खिले-खिले बनते हैं। खासकर बासमती या लंबे दाने वाले चावल को पकाने से पहले 20-30 मिनट के लिए भिगोकर रख देना चाहिए।

साफ करने का आसान तरीका

अगर चावल में धूल-मिट्टी अधिक हो, तो इसे साफ करने के लिए पानी की अधिक जरूरत होती है। लेकिन एक तरीका है, जिसकी मदद से आप चावल से धूल-मिट्टी को आसानी से साफ कर सकते हैं। इसके लिए एक साफ चादर किसी हवादार वाली जगह पर बिछा दें। अब एक पेडस्टल पंखा लगा दें। अब बड़ी पराता या फिर थाली में चावल भरकर पंखे के सामने धीरे-धीरे गिराएं, इससे धूल व मिट्टी आसानी से साफ हो सकती है। इसके बाद चावल को चादर पर अच्छे से फैला दें। इस तरह साफ करने के बाद चावल को धोते वक्त अधिक पानी की जरूरत नहीं पड़ती है। ऐसे में इन आसान तरीकों की मदद से आप चावल को अच्छी तरह साफ करके स्वादिष्ट और खिले-खिले चावल बना सकते हैं।

Also Read
घर के कोने में लगे मकड़ी के जाले को साफ करने का तरीका, काम आ सकते हैं ये 3 आसान ट्रिक्स