Leaf Miner ko Kaise Control Kare: गार्डनिंग या बागवानी का शौक लगातार बढ़ता जा रहा है। लोग बाजार से सब्जियां या फल लेने की बजाय घर पर ही इन्हें लगाना पसंद कर रहे हैं। तोरई, लौकी, खीरा, हरी मिर्च और टमाटर जैसे पौधे ज्यादातर घर के गार्डन, छत, बालकनी या गमले में लगाए जाते हैं। हालांकि पौधों की सही देखभाल न कि जाए, तो इनमें कई तरह के रोग हो सकते हैं। इनमें लीफ माइनर भी शामिल है, जो पत्तियों पर होने वाली एक आम समस्या है। यह ज्यादातर बरसात के मौसम में देखने को मिलती है।
लीफ माइनर पत्तियों पर बनने वाली सफेद या भूरे रंग की टेढ़ी-मेढ़ी सांप जैसी लकीरें होती हैं। यह पौधों को फोटोसिंथेसिस की प्रक्रिया को प्रभावित करती है। जिसकी वजह से एक समय बाद पौधे मर जाते हैं। ऐसे में इस समस्या की समय रहते पहचान करना और उसका इलाज करना जरूरी हो जाता है।
क्या है लीफ माइनर
लीफ माइनर कई नए या पुराने पौधों में हो सकता है। इसमें पत्तियों के ऊपर धारियां दिखाई देने लगती हैं। पत्तियों के ऊपर बनने वाली इस धारियों को लीफ माइनर रोग कहा जाता है। लीफ माइनर एक प्रकार का लार्वा है, जब एक मक्खी पत्तों के ऊपर अंडे देती है और उस अंडों से लार्वा निकलता है, जो पत्तियों के अंदर घुस जाता है। यही लार्वा पौधे की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाता है। इसकी वजह से पौधे अपना भोजन नहीं बना पाते, जिसकी वजह से उनकी ग्रोथ प्रभावित होती है।
किन पौधे में ज्यादा रहता है लीफ माइनर का खतरा
पत्तियों के अंदर धारियों वाला रोग यानी लीफ माइनर ज्यादातर टमाटर के पौधों में देखने को मिल सकता है। इसके अलावा हरी मिर्च, तरबूज, लौकी, पालक, खीरा, कद्दू, तोरई, बेल और सब्जियों वाले पौधों में लीफ माइनर की समस्या देखी जा सकती है।

कैसे करें लीफ माइनर की पहचान
लीफ माइनर से पौधों की सुरक्षा करने के लिए समय-समय पर पत्तियों और पौधे की जांच जरूरी है। अगर आपको टमाटर, हरी मिर्च या किसी भी पौधे की पत्तियां मुड़ी हुई या सफेद धारी वाले निशान दिख रहे हैं, तो यह लीफ माइनर का संकेत हो सकता है। अगर पत्तियां मुड़ी हुई हैं, तो उन्हें फैलाकर चेक करें। यह समस्या ज्यादातर नई पत्तियों में देखने को मिलती है।
कैसे करें बचाव
अगर आप पौधों पर जैविक खाद का इस्तेमाल करते हैं, तो ऐसे में नीम का तेल और गोबर की खाद फायदेमंद हो सकती है। नीम के तेल का स्प्रे पौधे पर 2 से 3 बार नियमित रूप से करें। इससे आपको काफी अंतर देखने को मिल सकता है।
अगर पौधे की दो या तीन पत्तियों पर ही लीफ माइनर ने अटैक किया है, तो इन्हें तुरंत तोड़कर अलग कर दें। इससे संक्रमण पौधे की बाकी पत्तियों पर नहीं फैलेगा। इसके लिए नियमित रूप से पौधे की जांच करते रहें।
इसके अलावा साबुन के पानी का स्प्रे लीफ माइनर को कम करने में मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए पानी में लिक्विड सोप को अच्छी तरह मिक्स करें और स्प्रे बोतल में भर लें। अब इसे पौधे की पत्तियों पर अच्छी तरह स्प्रे करें।
