गर्मियों के मौसम में बढ़ते तापमान के साथ ही जहां दिनभर पसीना और चिपचिपाहट से लोग परेशान रहते हैं, तो वहीं शाम ढलते ही मच्छरों का प्रकोप शुरू हो जाता है। अक्सर लोग यह सोचकर हैरान रह जाते हैं कि जब खिड़की-दरवाजे बंद हैं, तो आखिर ये मच्छर घर के अंदर आते कहां से हैं। दरअसल, घर में रखी कुछ चीजें मच्छरों को आकर्षित करती हैं और ऐसे में वह बहुत छोटे-छोटे छेद, दरारों या वेंटिलेशन के रास्ते भी आसानी से घर में प्रवेश कर लेते हैं।
रात के समय इनका प्रकोप और भी ज्यादा बढ़ जाता है, जिससे न सिर्फ नींद खराब होती है बल्कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इससे बचने के लिए लोग मच्छरदानी, कॉयल, लिक्विड वेपराइजर, स्प्रे और तरह-तरह के घरेलू उपाय अपनाते हैं, लेकिन कई बार ये उपाय भी पूरी तरह असरदार साबित नहीं होते। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि हम अनजाने में घर के अंदर ही कुछ ऐसी चीजें और आदतें बनाए रखते हैं, जो मच्छरों को आकर्षित करती हैं और उनके पनपने के लिए अनुकूल माहौल तैयार करती हैं। यही कारण है कि तमाम सावधानियों के बावजूद मच्छरों की संख्या कम होने की बजाय बढ़ती जाती है। आइए जानते हैं वो कौन सी 7 आम गलतियां हैं, जिनकी वजह से घर में मच्छर पनपते हैं।
1- कूड़ा या गंदगी जमा रखना
मच्छर सबसे अधिक कूड़ेदान के पास पनपते हैं। दरअसल, कूड़ेदान में अक्सर गीला कचरा- जैसे सब्जियों के छिलके, बचा हुआ खाना जमा रहता है और साथ ही सड़े-गले पदार्थ, जिससे नमी बनी रहती है और तेज गंध निकलती है, जो मच्छरों को आकर्षित करती है। मच्छरों के अंडे देने और लार्वा के विकसित होने के लिए ऐसी जगह सुरक्षित होती है। ऐसे में घर में कूड़ा जमा होना यानी मच्छरों को बुलावा देना है। नियमित रूप से कूड़े दान की सफाई करते रहना चाहिए।
2- जमा पानी
घर में मच्छरों के पनपने के सबसे बड़े कारणों में से एक पानी का जमा होना भी है। मच्छर किसी भी ठहरे हुए पानी में तेजी से अंडे देते हैं। कूलर, गमलों की ट्रे, बाल्टी, पुराने टायर या खुले बर्तनों में जमा पानी उनके अंडे देने का सबसे सुरक्षित जगह होता है। अंडे कुछ ही दिनों में लार्वा में बदल जाते हैं और फिर बड़ी संख्या में मच्छर तैयार हो जाते हैं। इसलिए घर में किसी भी जगह पानी जमा न होने दें। समय-समय पर कूलर से लेकर गमलों तक की सफाई करते रहें।
3- गीले और गंदे कपड़े
पसीने वाले कपड़े कमरे में रखने से नमी बढ़ जाती है, जो मच्छरों को आकर्षित करती है। मच्छर ऐसे कपड़ों के आसपास आराम से छिपे रहते हैं। वहीं, कमरे के अंदर गीले कपड़े सुखाने से भी मच्छर बढ़ने लगते हैं। नम और बंद माहौल मच्छरों के लिए छिपने, आराम करने और ज्यादा समय तक जीवित रहने के लिए बेहतर होता है। ऐसे में कपड़ों को बाहर सुखाना चाहिए और गंदे कपड़ों को बालकनी में किसी टोकरी में डालकर रखना बेहतर होता है।
4- मच्छरों की पसंदीदा जगहें
अगर आप ध्यान देंगे तो मच्छर ज्यादातर घर के कोनों में अधिक रहते हैं। मच्छर अक्सर अंधेरी, ठंडी और कम इस्तेमाल होने वाली जगहों में छिपना पसंद करते हैं। बेड के नीचे, पर्दों के पीछे, अलमारी के आसपास या फर्नीचर के कोनों में उन्हें आसानी से सुरक्षित ठिकाना मिल जाता है। अगर इन कोनों की नियमित सफाई और हवा का सही प्रवाह न हो, तो मच्छर यहां लंबे समय तक छिपे रहकर तेजी से बढ़ सकते हैं। इसलिए नियमित रूप से घर के हर कोने की सफाई जरूरी है।
5- पसीना और शरीर की गंध
मच्छर शरीर से निकलने वाली कार्बन डाइऑक्साइड, पसीने और गंध की ओर तेजी से आकर्षित होते हैं। खासकर रात में सोते वक्त, शरीर से निकलने वाली गर्मी और गंध मच्छरों को तेजी से अपनी ओर आकर्षित करती है। ऐसे में शरीर की साफ-सफाई का ध्यान रखना और पसीना साफ रखना बेहद जरूरी है।
6- घर के अंदर गमले रखना
काफी लोग ऐसे होते हैं जो अपने कमरे को खूबसूरत बनाने के लिए घर के अंदर कई तरह के पेड़-पौधे लगाते हैं। लेकिन यही पौधे कई बार मच्छरों को बुलावा देने का काम करते हैं। दरअसल, गमलों की मिट्टी और उनकी ट्रे में जमा पानी के चलते मच्छर वहां अधिक रहते हैं। ऐसे में नियमित रूप से गमले की सफाई करते रहें और पानी जमा न होने दें।
7- पालतू जानवर
अगर आप घर में पालतू जानवर रखते हैं तो उनकी नियमित साफ-सफाई जरूरी है। दरअसल, पालतू जानवरों के आसपास नमी, गंध और गंदगी मच्छरों को अपनी ओर आकर्षित करती है।
ऐसे में अगर इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखा जाए, तो मच्छरों की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है और घर को ज्यादा सुरक्षित बनाया जा सकता है।
Also Read
इन 7 तरीकों से करें फ्रिज को डिप क्लीन, दुर्गंध दूर करने के लिए अपनाएं ये तरीके
