हमारे किचन में कई ऐसी चीजें मौजूद होती हैं जो न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने बल्कि कई अन्य घरेलू कामों में इस्तेमाल की जा सकती हैं। इन चीजों का इस्तेमाल प्राकृतिक रूप से बदबू दूर करने से लेकर साफ सफाई तक में किया जा सकता है। इन्हीं में से एक है कॉर्नस्टार्च, जो घर के कई कामों को आसान बना सकता है। यह मक्के दानों के बीच के सफेद हिस्से से निकाला गया एक महीन, सफेद और पाउडर जैसा स्टार्च होता है। यह एक प्रमुख गढ़ा करने वाला पदार्थ है, जिसका उपयोग सूप, सॉस और ग्रेवी को गाढ़ा करने के लिए किया जाता है।
यह कॉर्नस्टार्च किचन की चिपचिपाहट को दूर करने से लेकर शीशे चमकाने तक में इस्तेमाल किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी मदद से कौन-कौन से काम आसान हो जाते हैं।
1- बदबू दूर करने के लिए ऐसे करें इस्तेमाल
कॉर्नस्टार्च की मदद से सोफा, गद्दा या कुशन से आ रही हल्की बदबू को भी दूर किया जा सकता है। इसके लिए इनपर थोड़ा सा कॉर्नस्टार्च छिड़ककर 30-40 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद इसे साफ कपड़े से साफ कर दें। इससे नमी और गंध कम हो जाती है।
2- कपड़ों पर लगे दाग को कैसे हटाएं
कपड़ों पर लगे तेल या ग्रीस के दाग को हटाना एक चुनौती पूर्ण काम होता है, लेकिन कॉर्नस्टार्च की मदद से इसे आसानी से साफ किया जा सकता है। दाग वाली जगह पर थोड़ा सा कॉर्नस्टार्च छिड़क दें और इसे 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। यह पाउडर तेल को धीरे-धीरे सोख लेता है, जिससे दाग आसानी से साफ हो जाते हैं।
3- किचन में कॉर्नस्टार्च का इस्तेमाल
किचन की अलमारियों, गैस स्टोव और बर्तनों पर जमी चिकनाई अक्सर हटाना मुश्किल होता है। लेकिन अब इसके लिए भी ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ने वाली है। क्योंकि, कॉर्नस्टार्च चिकनाई हटाने में काफी प्रभावी होता है। कॉर्नस्टार्च को पानी में मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। इस पेस्ट को चिकनाई वाली जगह पर अच्छी तरह लगाकर 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद हल्के हाथों से रगड़कर साफ करें और फिर गीले कपड़े से पोंछ दें।
4- किचन की बदबू दूर करे
अगर किचन के किसी कोने, पुराने कपड़ों या किताबों से सीलन वाली बदबू या नमी जैसी गंध आ रही है, तो इसके लिए इन जगहों पर थोड़ा सा कॉर्नस्टार्च छिड़क दें और कुछ घंटों के लिए छोड़ दें। यह पाउडर नमी और बदबू को सोखने में मदद करता है, जिससे जगह धीरे-धीरे फ्रेश महसूस होने लगती है।
5- कॉर्नस्टार्च से ऐस साफ करें शीशे
अगर खिड़कियों या बालकनी के शीशों को साफ करना है तो इसके लिए पानी में थोड़ा सा कॉर्नस्टार्च मिलाकर स्प्रे बोतल में भर लें और शीशों पर हल्का छिड़क दें। फिर किसी साफ और सूखे कपड़े से पोंछ दें। इससे कांच पर जमी धूल, दाग-धब्बे और उंगलियों के निशान आसानी से हट जाते हैं।
6- लेदर बैग व जूतों की सफाई
चमड़े के बैग या जूतों पर लगे दाग को छुड़ाने के लिए भी कॉर्नस्टार्च का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए दाग वाली जगह पर हल्का सा कॉर्नस्टार्च छिड़क दें और इसे रातभर ऐसे ही छोड़ दें, ताकि पाउडर दाग को अच्छे से सोख ले। इससे दाग हल्के हो जाते हैं। अगले दिन किसी मुलायम ब्रश या साफ कपड़े की मदद से धीरे-धीरे साफ कर लें।
Also Read
गेहूं-चावल के बोरे के पास रख दें ये 4 चीजें, गंध से दूर भागते हैं चूहे
