Orange Peels Face Mask: रोजाना धूप, धूल-मिट्टी, प्रदूषण और मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करने की वजह से त्वचा रूखी, बेजान और डल नजर आ सकती है। यही वजह है कि ज्यादातर महिलाएं हफ्ते में एक बार फेस मास्क का इस्तेमाल करती हैं। इससे चेहरे की त्वचा साफ, मुलायम और रूखापन दूर होता है। बाजार से फेस मास्क खरीदने की बजाय आप इसे घर पर ही संतरे के छिलकों की मदद से बना सकती हैं। अक्सर घर पर संतरों को खाने के बाद छिलकों को फेंक दिया जाता है। लेकिन आप इसका इस्तेमाल करके फेस मास्क बना सकती हैं। हालांकि फेस मास्क लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
अगर आप घर पर फेस मास्क बनाना चाहती हैं, तो संतरे के छिलकों का इस्तेमाल कर सकती हैं। बचे हुए छिलकों में कुछ चीजों को मिलाकर प्राकृतिक तरीके से फेस मास्क तैयार किया जा सकता है। आइए, जानते हैं इसे बनाने और लगाने का तरीका क्या है।
सामग्री
संतरे के छिलके का पाउडर- 1 चम्मच
दही- 2 चम्मच
शहद- 1 चम्मच
फेस मास्क बनाने का तरीका
संतरे के बचे हुए छिलकों को अच्छी तरह धोकर धूप में सुखा लें। अब इन छिलकों को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। एक बाउल में 1 चम्मच छिलकों का पाउडर, 2 चम्मच दही और 1 चम्मच शहद को अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसका हल्का गाढ़ा पेस्ट तैयार करें। संतरे के छिलकों का पाउडर बनाकर स्टोर कर सकते हैं ताकि बाद में फेस मास्क बनाने में आसानी हो। ध्यान रखें कि इस फेस मास्क को तुरंत इस्तेमाल करें। फ्रिज में रखकर या एक दिन बाद इसका इस्तेमाल न करें।
इस्तेमाल करने का तरीका
सबसे पहले हाथ के पिछले हिस्से या गर्दन के पीछे फेस मास्क लगाकर पैच टेस्ट करें। अगर आपको जलन, खुजली और असहजता महसूस हो रही है, तो इसका इस्तेमाल न करें। अब चेहरे को पानी से अच्छी तरह धो लें। इसके बाद पूरे चेहरे और गर्दन पर इस फेस मास्क को लगाएं। इसे लगभग 10 से 15 मिनट तक लगा रहने दें। अब गुनगुने या ठंडे पानी से चेहरे को अच्छी तरह साफ कर लें। इस फेस मास्क का इस्तेमाल हफ्ते में एक बार किया जा सकता है।
संतरे के छिलकों में एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन सी की मात्रा ज्यादा होती है, जिसकी वजह से यह त्वचा की रंगत सुधारने में मददगार साबित हो सकता है। यह फेस मास्क दाग-धब्बे और पिंपल्स की समस्या को कम कर सकता है। अगर आपकी त्वचा ऑयली है, तो यह फेस मास्क अतिरिक्त तेल को निकालने में मदद कर सकता है।
फेस मास्क लगाने से जुड़ी सावधानियां
अगर आपको किसी संतरे के छिलके, शहद या दही से एलर्जी है, तो त्वचा पर इसका इस्तेमाल न करें। घर पर बने इस फेस मास्क को लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। अगर आपकी त्वचा संवेदनशील है, तो इसका इस्तेमाल करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें। फेस मास्क को ज्यादा देर तक अपने चेहरे पर लगाकर न छोड़ें।
Disclaimer: “यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है। यह किसी भी तरह से योग्य पेशेवर राय का विकल्प नहीं है। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ से परामर्श करें।”
