सर्दियों या मौसम बदलने पर होंठों का फटना और रूखापन आम हो जाता है। वहीं, कई बार इसे ठीक करने के लिए केमिकल वाले प्रोडक्ट्स का उपयोग करते हैं, जो महंगे होने के साथ-साथ कई बार नुकसानदेह भी हो सकते हैं।
अगर आप नेचुरल और सस्ता उपाय ढूंढ रहे हैं, तो चुकंदर आपके बेहद काम आ सकता है। चुकंदर से बना लिप बाम होंठों को पोषण देने के साथ-साथ हल्का गुलाबी रंग भी देता है।
चुकंदर में पाए जाते हैं कई पोषक तत्व
चुकंदर में भरपूर मात्रा में विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। ये तत्व होंठों की डेड स्किन को रिपेयर करने, नमी बनाए रखने और उन्हें हेल्दी बनाने में मदद करते हैं। इसका नेचुरल पिगमेंट होंठों को खूबसूरत टिंट देता है, जिससे वे बिना लिपस्टिक के भी आकर्षक दिख सकते हैं।
चुकंदर से कैसे बनाएं लिप बाम?
घर पर चुकंदर का लिप बाम बनाना बहुत ही आसान है। इसके लिए सबसे पहले एक ताजा चुकंदर लें और उसे धोकर छील लें। इसके बाद उसे कद्दूकस कर लें। अब कपड़े या छलनी की मदद से उसका रस निकाल लें।
इसके बाद इसमें एक चम्मच नारियल तेल, बादाम तेल या घी मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब आप इसे किसी साफ, छोटे कंटेनर में भरकर स्टोर कर सकते हैं। इस तरह आपका होममेड नेचुरल लिप बाम तैयार हो जाएगा।
ऐसे करें उपयोग
चुकंदर से बने लिप बाम को आप दिन में दो से तीन बार लगा सकते हैं। रात के समय सोने से पहले भी इसे लगाया जा सकता है। रोजाना इसके उपयोग से होंठ मुलायम, स्मूद और गुलाबी नजर आने लगेंगे।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।
