होली का त्योहार रंगों के बिना अधूरा माना जाता है। वहीं, बाजार में मिलने वाले केमिकल रंग त्वचा और बालों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। वैसे तो बाजार में कुछ नेचुरल गुलाल भी मिलते हैं, लेकिन आप घर पर ही गुलाब के फूलों से भी नेचुरल गुलाल तैयार कर सकते हैं।
दरअसल, नेचुरल गुलाल स्किन फ्रेंडली होने के साथ-साथ त्वचा के लिए काफी सुरक्षित होता है और इसकी खुशबू भी मन को तरोताजा कर देती है। गुलाब से बना गुलाल पूरी तरह प्राकृतिक होता है और इसे बनाना भी बेहद आसान है।
घर पर कैसे बनाएं गुलाल?
घर पर गुलाब से गुलाल तैयार करने के लिए सबसे पहले ताजे लाल या गुलाबी गुलाब के फूल लें। अब इन पंखुड़ियों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। इसके बाद इन्हें छांव में सुखाएं। दरअसल, तेज धूप में सुखाने से इनका प्राकृतिक रंग हल्का पड़ सकता है।
जब पंखुड़ियां पूरी तरह सूखकर कुरकुरी हो जाएं, तब इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। अब इस पाउडर को छान लें, ताकि इसमें कोई मोटे कण न रहें। अगर आप गुलाल को थोड़ा मुलायम बनाना चाहते हैं, तो इसमें कॉर्नफ्लोर या चावल का आटा मिला सकते हैं। इससे गुलाल की मात्रा भी बढ़ जाएगी।
इस तरह बढ़ाएं गुलाल की खुशबू
गुलाब से बने गुलाल की खुशबू बढ़ाने के लिए आप इसमें गुलाब जल भी डाल सकते हैं। गुलाब से बना यह नेचुरल गुलाल त्वचा पर किसी तरह की जलन या एलर्जी नहीं करता। यह छोटे बच्चों के लिए भी बेहतर होता है।
