भारत के प्रमुख त्योहारों में से एक होली देशभर में बड़े ही धूमधाम से मनाई जाती है। ये रंगों का त्योहार है, इस मौके पर लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाते हैं। लेकिन आजकल बाजार में मिलने वाले गुलाल में कई बार केमिकल और कृत्रिम डाई मिली होती है, जो त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकती है। ऐसे में काफी लोग रंग खेलने से बचते हैं। लेकिन, फल, फूल और सब्जियों की मदद से आप घर पर ही प्राकृतिक रंग तैयार कर सकते हैं।

घर पर प्राकृतिक गुलाल कैसे बनाएं (Photo Source: Freepik)

पहले के समय में जब मशीन और केमिकल नहीं हुआ करते थे तो लोग फल, फूल और सब्जियों से प्राकृतिक रंग तैयार किया करते थे। ये रंग त्वचा और बालों के लिए सुरक्षित होते हैं। अब भी आप घर पर हर्बल रंग बना सकते हैं। आइए जानते हैं:

चुकंदर से गुलाबी गुलाल बनाने का तरीका (Photo Source: Freepik)

चुकंदर से बनाएं पिंक गुलाल
प्राकृतिक गुलाबी गुलाल बनाने के लिए चुकंदर का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए 1-2 मीडियम चुकंदर को कद्दूकस कर लें और फिर एक कप पानी में मिलाकर छलनी से रस निकाल लें। अब 1 बड़ा चम्मच गुलाब जल और 3 कप कॉर्नफ्लोर को चुकंदर के रस में अच्छे से मिक्स कर लें। हाथों से मिलाएंगे तो बेहतर होगा, क्योंकि इससे गांठें नहीं पड़ती। अब इसे धूप में या फिर माइक्रोवेव में सुखा लें। सॉफ्ट गुलाल के लिए जब ये सूख जाए तो मिक्सी में अच्छे से पीस लें।

गुलाब से कैसे बनाएं लाल रंग (Photo Source: Freepik)

गुलाब से बनाएं लाल रंग
होली पर सबसे अधिक खेले जाने वाले रंगों में से एक लाल गुलाल भी है। इसे भी आप घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसके लिए लाल गुलाब की पंखुड़ियों को 1 घंटे तक पानी में भिगो दें। इसके बाद इन्हें पीसकर पेस्ट तैयार कर लें। इसमें कॉर्नफ्लोर मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लें। मिश्रण को सीधी धूप या फिर माइक्रोवेव में भी सुखा सकते हैं। सूखने के बाद आपका हर्बल कलर तैयार हो जाएगा।

घर पर संतरे से नारंगी गुलाल बनाने का तरीका (Photo Source: Freepik)

नारंगी रंग
संतरा खाने के बाद ज्यादातर लोग इसके छिलकों को फेंक देते हैं। लेकिन ये छिलके चेहरे की सुंदरता बढ़ाने से लेकर रंग तैयार करने में काम आ सकते हैं। होली के मौके पर रंग खेलने के लिए इन छिलकों से हर्बल नारंगी गुलाल बना सकते हैं। इसके लिए संतरे के छिलकों को अच्छी तरह धूप में सुखा लें। सूखने के बाद इन्हें मिक्सर-ग्राइंडर में बारीक पीस लें। फिर थोड़ा कॉर्नफ्लोर और एक चुटकी हल्दी डालकर अच्छे से मिला लें। अब इस मिश्रण को छलनी से छान लें, इससे गुलाल सॉफ्ट हो जाता है।

पालक से हरा गुलाल कैसे बनता है (Photo Source: Freepik)

पालक-पुदीना से बनाएं हरा गुलाल
हरा गुलाल बनाने के लिए पालक और पुदीना जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों का इस्तेमाल कर सकते हैं। सबसे पहले इन्हें अच्छी तरह से धो लें। इसके बाद पीसकर छान लें। इस पेस्ट में गुलाब जल और कॉर्नफ्लोर डालकर हल्के हाथों से मिला लें। इसके बाद धूप में सुखा लें। सूखने के बाद आपका हरा गुलाल तैयार हो जाएगा।

हल्दी से कैसे बनाएं पीला गुलाल (Photo Source: Freepik)

पीला गुलाल कैसे बनाएं
पीला गुलाल बनाने के लिए एक कप पानी में दो बड़े चम्मच हल्दी पाउडर डालकर उबाल लें। उबल जाने के बाद मिश्रण को एक ट्रे में निकाल लें। जब ये ठंडा हो जाए तो इसमें 2 चम्मच गुलाब जल और 3 कप कॉर्नफ्लोर मिलाकर अच्छे से मिक्स कर लें। इसे धूप में सुखा कर अच्छे से पीस लें। आपका नेचुरल कलर तैयार है।

डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।

Also Read
होली पर घर को दें अलग लुक, पुरानी-फटी चीजों का सजावट में इस तरह करें इस्तेमाल