भारतीय रसोई की पहचान उसके सुगंधित मसालों से होती है। हल्दी, धनिया जीरा, इलायची और दालचीनी जैसे मसालों की खुशबू ही खाने को खास बनाती है। इन्हीं मसालों में से एक है गरम मसाला, जो किसी भी साधारण सब्जी या करी को भी लाजवाब स्वाद दे देता है। सब्जियों से लेकर दाल, पनीर और नॉनवेज व्यंजनों तक में गरम मसाले का इस्तेमाल खुशबू और स्वादिष्ट बनाने के लिए किया जाता है। अधिकतर लोग बाजार में मिलने वाले रेडीमेड गरम मसाले का इस्तेमाल करते हैं। यह आसान तो होता है, लेकिन कई बार इसमें मिलावट की भी समस्या देखने को मिलती है। लंबे समय तक पैक रहने के कारण मसालों की प्राकृतिक खुशबू भी कम हो सकती है, जिससे खाने का असली स्वाद नहीं मिल पाता है।

ऐसे में अगर गरम मसाला घर पर ही ताजा पीसकर बनाया जाए, तो न केवल इसकी खुशबू और स्वाद बेहतर होता है, बल्कि इसमें शुद्धता भी रहती है। घर पर बना गरम मसाला आप अपनी पसंद के अनुसार हल्का, तीखा या ज्यादा खुशबूदार बना सकते हैं। पुराने समय में भारतीय घरों में मसालों को भूनकर तैयार किया जाता है। आइए जानते हैं इसे घर पर कैसे बनाएं:

गरम मसाले की सामग्री (Homemade Garam Masala)

काली मिर्च- 2 बड़े चम्मच
लौंग- दो बड़े चम्मच
चक्रफूल- 2 नग
दालचीनी के टुकड़े- 8-10
जीरा- 2 चम्मच
शाही जीरा- 2 चम्मच
बड़ी इलायची- 5
छोटी इलायची- 20
जावित्री फूल- 2 चम्मच
जायफल- 2
तेज पत्ता- 7-8
साबुत धनिया- आधा कप
सौंफ- 2 बड़े चम्मच
सौंठ का पाउडर- 2 चम्मच

गरम मसाला बनाने की विधि (How to Make Homemade Garam Masala)

सबसे पहले गैस पर एक मोटे तले का पैन रखें और मीडियम फ्लेम पर हल्का गर्म कर लें। अब इसमें काली मिर्च, लौंग, चक्रफूल, दालचीनी के टुकड़े, जीरा, शाही जीरा, बड़ी इलायची, छोटी इलायची, जावित्री और जायफल डाल दें और फ्लेम को धीमा कर सभी मसालों को हल्का भुन लें। इससे मसालों में मौजूद नमी निकल जाती है और उसकी खुशबू भी बढ़ जाती है और इन्हें पीसना भी आसान हो जाता है। जब मसालों में हल्की-हल्की सुगंध आने लगे, तो गैस बंद कर दें और इन्हें एक प्लेट या बर्तन में निकाल लें।

अब उसी पैन में तेज पत्तों को हल्का भूनें। इसके बाद साबुत धनिया डालकर धीमी आंच पर रोस्ट कर लें। धनिया निकालने के बाद सौंफ को भी हल्का सा भून लें। फ्लेम धीमा ही रखना है।

सभी भुने हुए मसालों को एक प्लेट में निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। अब जायफल को हल्का कूट लें और सभी मसालों में सौंठ पाउडर डालकर मिला दें। इसके बाद मिक्सी के जार में डालकर बारीक पीस लें। मिक्सी को लगातार चलाने के बजाए रोक-रोककर चलाएं, इससे मसाला ज्यादा गर्म नहीं होगा और उसकी खुशबू बरकरार रहेगी। तैयार गरम मसाले को ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख दें।

Also Read
गर्मियों में रोज बनाएं अलग-अलग ब्रेकफास्ट, 7 दिन के सात हल्के नाश्ते